संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले की विभिन्न खापों और अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने शनिवार को किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की बिगड़ती हालत और किसान आंदोलन पर सरकार की चुप्पी के चलते राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। दादरी एसडीएम नवीन कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में तत्काल किसानों की मांगें पूरी करने की अपील की गई। एसडीएम नवीन कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को ज्ञापन राष्ट्रपति के पास भेजने के लिए आश्वस्त किया।
शनिवार को दोपहर 12 बजे खापों व संगठनों के पदाधिकारी लघु सचिवालय में एकत्र हुए। यहां पर उन्होंने आपसी विचार-विमर्श किया और इसके बाद विश्राम गृह पहुंचकर एसडीएम नवीन कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से किसानों की हालत और मांगों पर संज्ञान लेने का आग्रह किया।
उन्होंने ज्ञापन में पांच मांगें रखीं। इनमें पहले जगजीत सिंह डल्लेवाल से बातचीत कर उनका जीवन बचाना, जेल में बंद नोएड़ा के किसानों की रिहाई, किसानों को दिल्ली कूच करने देना, राष्ट्रीय कृषि बाजार नीति को वापस लेना और सभी किसान संगठनों से बातचीत कर उनकी लंबित मांगें पूरी करना है।
फोगाट खाप-19 के प्रधान सुरेश फोगाट ने कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन, सरकार उनका दमन कर रही है। दिल्ली कूच नहीं करने दे रही है। गत 13 माह पहले सरकार ने मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन, अब तक मांगें पूरी नहीं की हैं।
कहा कि पिछले 25 दिन से जगजीत सिंह आमरण अनशन पर हैं। अब तक सरकार के कानाें पर जूं तक नहीं रेंगी है। अगर सरकार इस पर कोई संज्ञान नहीं लेती है तो 29 दिसंबर को हिसार में होने वाली बैठक में कड़ा फैसला लिया जाएगा। इसमें दादरी सहित पूरे देश की खापें शामिल होंगी।