मौड़ी राजकीय स्कूल की लैब में रखे की-बोर्ड
चरखी दादरी। गांव मौड़ी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की तीन लैब में चोरी के बाद अब मेजों पर की-बोर्ड ही बचे हैं। इससे चार कक्षाओं के करीबन 100 विद्यार्थियों की लैब की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अब नए कंप्यूटर सेट आने के बाद ही विद्यार्थियों का पढ़ाई कार्य सुचारू रूप से चल पाएगा।
बता दें कि शनिवार व रविवार को राजकीय अवकाश था सोमवार को जब चौकीदार व शिक्षक स्कूल पहुंचे तो उन्हें स्कूल के कमरों के ताले टूटे हुए मिले। बाद में उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी और पुलिस के आने के बाद सामान की जांच की। इस दौरान उन्हें आईटी लैब से पांच कंप्यूटर, मीडिया लैब से 4 कंप्यूटर व रिटेल लैब से एक कंप्यूटर चोरी मिला।
संस्थान प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इनकी कुल कीमत दस लाख रुपये से भी अधिक है और कंप्यूटर व हैडफोन के बिल भी उनके पास हैं। फिलहाल स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या 300 है। इन लैब में कक्षा 9वीं से 12वीं के करीब 100 विद्यार्थियों की कक्षाएं लगती थी। चोर लैब से मॉनीटर, सीपीयू व माउस चुराकर ले गए और केवल की-बोर्ड ही छोड़कर गए हैं। अब बिना कंप्यूटर के विद्यार्थियों की पढ़ाई रुक गई है। जब तक नए कंप्यूटर नहीं आएंगे, तब तक विद्यार्थी केवल किताबी कार्य ही कर सकेंगे। स्कूल प्रबंधन की ओर से डीईओ कार्यालय में इसकी सूचना भेजी गई है। फिलहाल झोझूकलां थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानिये.. किस लैब से कितने का सामान हुआ चोरी
मीडिया लैब प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि उनके स्कूल में प्री वोकेशनल शिक्षा चल रही है। इसके लिए विद्यार्थियों को आईटी, रिटेल व मीडिया आदि कोर्स की जानकारी दी जाती है और कंप्यूटर पर उन्हें प्रत्यक्ष रूप से कार्य करके दिखाया जाता है। मीडिया लैब से चार कंप्यूटर व चार हैडफोन चोरी हुए हैं। एक कंप्यूटर की कीमत 1.42 लाख रुपये है। यहां से 6.78 लाख के कंप्यूटर सेट व 3 हजार के हैडफोन चोरी हुए हैं। आईटी लैब से 2.79 लाख के पांच कंप्यूटर व 3850 रुपये के पांच हैडफोन चोरी किए गए। इसी तरह रिटेल लैब से 54 हजार एक कंप्यूटर सेट और लिपिक कक्ष से 25 हजार का प्रिंटर चोरी हुआ है।