माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी। लघु सचिवालय में शुक्रवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने 3 पुराने और 12 नए मामलों की सुनवाई की। 6 मामलों में शिकायतकर्ताओं ने काम होने की संतुष्टि जताई। दो मामलों में जांच कमेटी कमेटी और बाकी 7 में समाधान के निर्देश दिए।
सबसे पहले पुराने मामले में तीन नंबर शिकायत को पहले सुना गया। इसमें शिकायतकर्ता ने संतुष्टि जताई। इसके बाद एक नंबर शिकायत पर सुनवाई हुई। इसमें दोनों पक्षों ने अपनी बात रखी। इसमें मंत्री राणा ने डीसी को कमेटी बनाकर इस शिकायत के जल्द समाधान के निर्देश दिए। तीसरी लंबित शिकायत में माइनिंग के कारण खेतों और पर्यावरण को पहुंचे नुकसान की रही।
इसके अलावा, एक मामला क्रशर लगाने के बहाने रुपये की धोखाधड़ी, वार्ड-11 में गली के बीच में खंभा लगे होने, जमीन का मुआवजा नहीं मिलने और प्लॉट की कनवेंस डीड नहीं बनाने की शिकायत रखी गई।
बैठक में विधायक उमेद पातुवास, उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल, अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबुलाल कारवा, एसडीएम योगेश सैनी, सीईओ जिला परिषद डॉ. विरेन्द्र सिंह, एसडीएम आशीष सांगवान, सीटीएम प्रीति रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील इंजीनियर सहित कमेटी के सदस्य और जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
केस से एसएचओ को हटाने की मांग की : गांव उमरवास निवासी विजय अपने केस में एसएचओ बलवान सिंह को हटाने की मांग की। विजय के अनुसार बलवान सिंह निष्पक्ष रूप से जांच न करते हुए उन पर अनावश्यक दबाव बनाते हुए दूसरे पक्ष का साथ दे रहे हैं। दूसरा उन्होंने उनके ही सामान के लिए चोरी का आरोपी बना दिया।
जबकि वे इस केस में गवाही से लेकर सब कुछ पेश कर चुके हैं। विजय के अनुसार उनके साथ ही धोखाधड़ी हुई और पुलिस उन पर ही दबाव बना रही है।
विधायक पातुवास ने संभाले कई मामले : कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास ने दो पुराने लंबित मामलों में बात साफ की। पंचायत की जमीन में बने तालाब और खेती मामले में पातुवास ने कहा कि यह मामला नाक का सवाल बना हुआ है।
दोनों पक्षों के सुनने और मौके देखने गए थे। उस दौरान वहां पर पुलिस तक बुलाने की नौबत आ गई थी। इसी तरह रुपये की धोखाधड़ी मामले में भी पातुवास ने कहा कि वे इस मामले को देख रहे हैं। जल्द ही वे इस मामले को निपटाएंगे।