कारी धारणी में पहुंची पुरातत्व विभाग की टीम एसडीएम सुरेश कुमार से बातचीत करते हुए।
बाढड़ा। गांव कारी धारणी में खोदाई के दौरान प्राचीन वस्तुएं मिलने के बाद पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग चंडीगढ़ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गांव पहुंचकर खोदाई वाली उस जगह का भी निरीक्षण किया जहां से प्राचीन वस्तुएं बरामद हुई। वहीं, पुलिस थाने में वीरवार से सुरक्षित रखीं वस्तुओं को टीम अपने साथ ले गई। इससे पहले एसडीएम सुरेश कुमार के साथ भी टीम ने चर्चा की।
बता दें कि गांव कारी धारणी में प्रसिद्ध मंदिर के परिसर में जल संरक्षण टैंक के लिए खोदाई का काम चल रहा है। वीरवार को खोदाई के दौरान करीब 15 फुट गहराई में धातु से बनी कुल्हाड़ी, बरछी व कड़े मिले थे। इसकी सूचना पाकर पुलिस विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और टीम ने सारा सामान अपने कब्जे में ले लिया था। वहीं, प्रशासन ने इसके बाद पुरातत्व विभाग को सूचित किया।
शुक्रवार को दोपहर बाद प्रदेश के पुरातत्व विभाग चंडीगढ़ से पुरातत्व एवं संग्रहालय अधिकारी अशोक कुमार की अगुवाई में टीम ने गांव कारी धारणी पहुंचकर प्राचीन वस्तुओं वाली का जगह का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम सुरेश कुमार भी टीम के साथ मौजूद रहे।
- श्रमिकों से भी ली जानकारी
पुरातत्व विभाग की टीम ने कारी धारणी पहुंचकर साइट पर काम कर रहे श्रमिकों से भी पूछताछ की। इसके बाद गांव के बुजुर्ग लोगों से भी इन वस्तुओं को लेकर बातचीत की गई। इसके बाद सभी वस्तुओं को साथ लेकर टीम वापस लौट गई।