चरखी दादरी। कादमा निवासी दंपती (प्रदीप और रितू) ने नीदरलैंड में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में अपने खेल कौशल की छाप छोड़ी है। इन दोनों की यह पहली ही अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा थी जिसमें दोनों ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं। प्रदीप कुमार ने जहां हाई जंप में तो रितू ने डिस्कस थ्रो में यह उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि पर दंपती को रविवार को हवेली खाप-12 ने समारोह आयोजित कर सांसद धर्मबीर सिंह के हाथों सम्मानित करवाया।
संवाददाता से बातचीत में प्रदीप कुमार ने बताया कि वो सीआरपीएफ में इस समय एएसआई हैं। उनकी पोस्टिंग नई दिल्ली के झाड़ौदा कलां है। प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने सन 2000 में खेलना शुरू किया था। 2013 में वो खेल कोटे से बतौर हेड कांस्टेबल सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। दिसंबर 2018 में उनकी शादी कितलाना निवासी रितू से हुई। उन्होंने बताया कि नीदरलैंड में गत 22 से 31 जुलाई को आयोजित हुए वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में उसने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रदीप अब तक 21 नेशनल और एक इंटरनेशनल पदक अपने नाम कर चुके हैं।
वहीं, उनकी पत्नी रितू दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल हैं। वो राष्ट्रीय स्पर्धाओं में छह पदक जीत चुकी हैं। वो वेट लिफ्टिंग भी करती हैं। रितू की भी यह पहली अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा थी जिसमें उन्होंने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों की उपलब्धि पर घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
- नेशनल पुलिस गेम्स के तहत हुआ चयन
नीदरलैंड में आयोजित स्पर्धा में प्रदीप कुमार का चयन नेशनल पुलिस गेम्स के प्रदर्शन के आधार पर हुआ था। उसमें भी प्रदीप ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। पदक जीतने पर प्रदीप और रितू ने खुशी जाहिर की है।