चरखी दादरी में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार का स्वागत करते बार प्रधान नसीब राणा व अन्य अध
चरखी दादरी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। बार एसोसिएशन के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। बार के प्रधान नसीब राणा की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने पुस्तकालय भवन में आयोजित समारोह में सत्र न्यायाधीश का अभिनंदन किया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था में न्यायाधीश व अधिवक्ता हमेशा एक-दूसरे के पूरक रहे हैं। जब दोनों अपना काम पूरी निष्ठा से करते है, तभी आम नागरिक को न्याय मिलने का रास्ता प्रशस्त होता है। हम सभी का प्रयास रहना चाहिए कि दादरी बार व बेंच के संबंधों में पूरी पारदर्शिता व मधुरता रखी जाए। इससे न्यायालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक को सहज न्याय दिलवाने में हम सहयोग कर सकें।
बार सदस्यों ने सेशन जज को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जसबीर कुंडू, न्यायाधीश कविता कंबोज, न्यायाधीश रामौतार पारिक, न्यायाधीश सौरव कुमार, न्यायाधीश सुमित कलोन, न्यायाधीश लक्ष्य गर्ग, न्यायाधीश मयंक गुप्ता व न्यायाधीश रजत अरोड़ा को भी सम्मानित किया गया। अधिवक्ताओं ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की न्याय व कानून व्यवस्था के सुचारू संचालन में हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
बार के प्रधान नसीब राणा ने कहा कि अधिवक्ताओं का प्रयास रहा है कि न्याय का ध्वज बुलंद किया जाए। अधिवक्ता बेंच के सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में नरेश कुमार को नियुक्ति प्रदान करने पर पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट का आभार जताया।