चरखी दादरी। जिले के 90 गांवों में जगमग योजना के तहत काम पूरा हो चुका है और इनमें से 60 गांव ऐसे हैं जिन्हें 24 घंटे बिजली मिलेगी। इसके लिए यह गांव लाइन लोस समेत अन्य मापदंड पूरा करते हैं। वहीं, बाकी बचे अन्य गांवों को लाइन लोस के अनुसार ही बिजली आपूर्ति मिलेगी। वैसे जिले के गांवों में जगमग योजना पर काम धीरे चल रहा है।
बता दें कि वर्ष 2021 में जगमग योजना पर काम शुरू हुआ था और वर्ष 2022 में काम पूरा होना था। वर्ष 2025 तक की स्थिति देखें तो जिले में कुल 60 में से 44 फीडरों का काम पूरा हो गया है। दूरी ओर बार-बार काम बंद होने की वजह से डेडलाइन बढ़ाई जा रही है।
दरअसल, निगम की योजना है कि जिस गांव में जगमग योजना का काम पूरा हो जाए, उसे 24 घंटे बिजली दी जाए। अब काम पूरा होने से ही बात नहीं बात बनने वाली है और अगर संबंधित गांव का लाइन लोस 20 प्रतिशत से ज्यादा है तो उसे 24 घंटे बिजली नहीं मिलेगी। इस समय जगमग योजना पूरे कर चुके कई गांवों में 30 से 50 प्रतिशत के बीच लाइनलोस बना हुआ है।
इन गांवों में शुरू हो चुकी 24 घंटे बिजली
गांव फतेहगढ़, साहुवास, कंहेटी, भागवी, सरुपगढ़, सांतौर, नीमली, मकड़ानी, मकड़ाना, रामनगर, गोठड़ा, कपूरी, मोड़ी, बलकरा, खेड़ी बत्तर, खेड़ी बूरा, मैहड़ा, तिवाला, रामपुरा डूडीवाला, डोहका दीना, डोहका मौजी, डोहका हरिया, बिरहीकलां, बिरहीखुर्द, बिलावल व बरसाना में लाइन लोस 20 प्रतिशत के आसपास है जो निगम की नियमावली एवं शर्तों के दायरे में आता है। इन गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है।
जानिये...किस फीडर में कितना हुआ काम
विभागीय जानकारी के अनुसार झोझूकलां डिविजन के तहत कलियाणा फीडर का 80 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। इसी प्रकार गोकुल फीडर पर अभी पोल ही खड़े किए हैं। कुब्जानगर फीडर पर भी पोल लगाने का ही काम पूरा हुआ है। नौरंगाबास जाटान फीडर का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसी प्रकार बधवाना फीडर के तहत पोल लगाने का काम पूरा हुआ है। कादमा फीडर का 75 प्रतिशत तक काम पूरा हो सका है। मंदोला 80 व छिल्लर फीडर का 70 प्रतिशत काम पूरा हो सका है। अभी इस डिविजन में घरों के बाहर मीटर लगने बाकी हैं। इस समय इन फीडर से 18 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है।
बाढड़ा में 8 में से 5 फीडर में पूरा हुआ काम
बाढड़ा डिविजन में आठ में से पांच फीडर का काम पूरा हो चुका है। बाढड़ा में करीब 20 गांवों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। नांधा,हड़ोदी फीडर का काम अभी बाकी है। यहां केबल व मीटर लगने बाकी हैं। गांव चांदवास, लाड,नीमड बडेसरा व काकड़ोली फीडर का काम पूरा हो चुका है।
दादरी सब-अर्बन में हुआ 80 प्रतिशत काम
दादरी सब अर्बन की बात करें तो यहां भी करीब 80 प्रतिशत काम ही पूरा हो सका है। यहां पोल लगाने का भी चल रहा है। कुछ फीडरों पर लगाई जा सकी हैं। इस योजना का काम कब पूरा होगा इसके लिए अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। कार्य में बार-बार व्यवधान आ रहे हैं।
167 में से 90 गांवों में जगमग योजना का काम पूरा कर लिया है। शेष गांवों में भी जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा। इस योजना के पूरा होने के बाद लाइनलोस के आधार पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति किए जाने का प्रावधान है। अब 60 में से 44 फीडर का काम पूरा हो गया है।
-अविनाश यादव, एक्सईएन, बिजली निगम