चरखी दादरी। अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय प्रवक्ता राहुल गर्ग और राष्ट्रीय युवा संयोजक अनंत अग्रवाल चरखी दादरी पहुंचे। वे 25 अक्तूबर को शरद पूर्णिमा पर अग्रोहा धाम में होने वाले विशाल वार्षिक मेले के लिए आए थे। उन्होंने अग्रवाल सभा की बैठक में समाज के प्रतिनिधियों को मेले का निमंत्रण दिया और आयोजन में भागीदारी पर चर्चा की।
अग्रवाल सभा के प्रवक्ता ललित महाजन ने बताया कि बैठक में मेले की तैयारियों पर विचार-विमर्श हुआ। इसमें समाज के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
सभा के अध्यक्ष कैलाश चंद रिटोलिया और महासचिव विष्णु गोयल ने निमंत्रण देने आए अतिथियों का स्वागत किया। राष्ट्रीय प्रवक्ता राहुल गर्ग ने कहा कि मेले में देश और प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। वैश्य समाज के प्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यापारी, समाजसेवी और गणमान्य लोग भी इसमें भाग लेंगे।
राष्ट्रीय युवा संयोजक अनंत अग्रवाल ने अग्रोहा धाम के टीले की खोदाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि यह कार्य काफी समय से बंद पड़ा है। अग्रवाल ने सरकार से इसे तुरंत प्रभाव से दोबारा शुरू करवाने की मांग की।
इस अवसर पर जीतराम गुप्ता, रामकुमार रिटोलिया, बिशंबर देवसरिया, सुरेश पाण्डवानिया, रविंद्र सिलगर, बलराम गुप्ता, सतीश बजाज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।