मंदिर में फिंगर प्रिंट लेता विशेषज्ञ।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। गांव ढाणी अहिरान स्थित राधा कृष्ण मंदिर से चोर दिनदहाड़े इन्वर्टर, बैटरी, सोलर प्लेट और कैमरे का डीवीआर चोरी कर ले गए। घटना एक अक्तूबर दोपहर की बताई जा रही है। मंदिर में चोरी का पता शाम करीब 5 बजे चला जब पुजारी शाम की आरती के लिए मंदिर पहुंचा। सामान गायब देखकर उसने इसकी सूचना ग्रामीणों के साथ-साथ डायल 112 पर दी।
ग्रामीण राजकुमार, अशोक मास्टर, परसराम, प्रताप आदि ने बताया कि मंदिर में रोजाना की तरह सुबह की पूजा-अर्चना के बाद पुजारी शिवरचरण मंदिर को बंद करके घर चले गए। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे से शाम 3 बजे के बीच अज्ञात चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए और वहां लगे सोलर सिस्टम से संबंधित सामान के अलावा निगरानी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
शाम को पुजारी मंदिर में आरती के लिए पहुंचा तो वहां सामान अस्त-व्यस्त मिला और इन्वर्टर, बैटरी, सोलर प्लेट तथा डीवीआर गायब मिले। इसके बाद उसने तुरंत ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौका मुआयना कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और टीम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए विभिन्न स्थानों से फिंगर प्रिंट लिए और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दिनदहाड़े मंदिर में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में रोष है। ने पुलिस से अज्ञात चोरों का जल्द पता लगाकर चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है।