रणकोली से बौंदकलां जा रहे थे आरोपी, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने किया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
बौंदकलां। रणकोली-बौंदकलां रोड पर बौंदकलां थाना पुलिस ने एक वाहन से 27 हजार रुपये की कीमत की शराब बरामद की है। शराब की यह खेप अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन सवार दो आरोपियों को काबू कर लिया। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई प्रदीप की टीम अपराध की रोकथाम के लिए बौंदकलां में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। उसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि रणकोली से एक वाहन में अवैध बिक्री के लिए शराब बौंदकलां की तरफ लाई जा रही है।
इसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी और मुस्तैद कर दी और वाहन सवार दो लोगों को काबू कर लिया। दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान धारेडू निवासी सुनील व मधमाधवी निवासी भीष्म उर्फ बंटी के रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर गाड़ी की जांच की। इसमें टीम को गाड़ी की डिकी में शराब की 15 पेटी मिलीं। इनमें देसी शराब की कुल 180 बोतलें पाई गईं। पुलिस ने दोनों युवकों से लाइसेंस मांगा तो वे दिखाने में असमर्थ रहे। बाद में पुलिस ने आरोपियों को कार व शराब समेत गिरफ्तार कर लिया और थाने ले गई।
फोटो 04
पुलिस की ओर से जब्त की गईं शराब की पेटियां। स्रोत : पुलिस