संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के विभिन्न भागों में स्थित अवैध कॉलोनियों में खाली एरिया ज्यादा मिलने की वजह से वैध होने की फाइल अस्वीकृत हो गई। अब नगर परिषद की ओर से अगले कुछ दिनों में इनका फिर से खाका तैयार कर हेड ऑफिस भेजा जाएगा। ताकि, इन कॉलोनियाें को वैध करवाया जा सके।
इन कॉलोनियों में सीवर, स्ट्रीट लाइट, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं अब तक नहीं पहुंच पाई हैं। गलियां आज भी कच्ची हैं, जिससे आवागमन और सुरक्षा दोनों में दिक्कतें बनी हुई हैं। नगर परिषद की ओर से दो वर्ष पहले भेजे गए प्रस्ताव में 11 साइटों में से 8 को वैध घोषित किया जा चुका है। इनमें हरिनगर, चंपापुरी, घिकाड़ा रोड का कुछ भाग, लोहारू चौक क्षेत्र आदि शामिल हैं।
अब नगर परिषद शहर का दायरा बढ़ाने का प्रस्ताव भी दोबारा भेजेगी, क्योंकि तीन दशक से कई कॉलोनियां वैध होने का इंतजार कर रही हैं। हाल ही में भैरवी के पास 7 एकड़ और ढाणी रोड स्थित प्रेमनगर कॉलोनी की 35.99 एकड़ भूमि को नगर योजनाकार ने शामिल किया है। परिषद को अब सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार है। नगर में इस समय 21 वार्ड हैं। करीब 80 हजार आबादी है। 32 हजार मकानाें की प्राॅपर्टी आईडी बनी हुई है।
नगर परिषद जवाब के इंतजार में : अब नगर परिषद जल्द ही इन अवैध कॉलोनियों के खाली एरिया को काटकर केवल निर्मित क्षेत्र को वैध कराने के लिए फाइल हेड ऑफिस भेजेगा। नगर परिषद सरकार के जवाब के इंतजार में है। उसके बाद फाइल सरकार को भेजी जाएगी।
इन अवैध कॉलोनियों को केवल इस वजह से वैध नहीं किया गया कि इनमें खाली एरिया ज्यादा पाया गया। ये अवैध कॉलोनियां शहर की सीमा में हैं। वैध कॉलोनियों के साथ लगती हैं। इनका कुछ भाग अवैध है। भैरवी के समीप करीब सात एकड़ व ढाणी रोड प्रेमनगर कॉलोनी में 35.99 एकड़ को हाल ही में नगर योजनाकार में शामिल कर लिया गया है।