बाढड़ा। जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने खरीफ सीजन के लिए फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में की गई बढ़ोतरी को नाकाफी बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने धान के एमएसपी में मात्र 72 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से तीन प्रतिशत की ही बढ़ोतरी की है।
इसके अलावा बाजरा में 125 रुपये, मक्का 10 और मूंग में 12 रुपये की ही मामूली बढ़ोतरी की गई है, जो किसानों के हित में नहीं है। अजय चौटाला ने कहा कि सरकार किसानों को एमएसपी देने की बजाय धोखा दे रही है।
अजय सिंह चौटाला सोमवार को मिर्च, पातुवास, मकड़ाना, बधवाना और झोझू कलां गांवों में शोक जताने पहुंचे। अजय चौटाला ने कहा कि डीजल, खाद और बीज की महंगाई के चलते कृषि लागत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सरकार को किसान विरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार को खरीफ फसलों के एमएसपी बढ़ाने पर दोबारा विचार करना चाहिए और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर समर्थन मूल्य निर्धारित करने चाहिए।
इस मौके पर पूर्व विधायक राजदीप फोगाट, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश द्वारका, जिला अध्यक्ष रविंद्र सांगवान, जिला प्रभारी ऋषिपाल उमरवास, सज्जन बलाली, विजय श्योराण, दादरी अध्यक्ष राकेश कलकल आदि उपस्थित रहे।