चरखी दादरी। बिजली निगम ने नगर में बिजली आपूर्ति में सुधार लाने और फॉल्ट कम करने के लिए आठ नए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए हैं। निगम के अधिकारियों का दावा है कि करीब आठ कॉलोनियों को इससे लाभ मिला है और ब्रेकडाउन की समस्या काफी कम हो गई है।
लोड की वजह से आने वाले बिजली फॉल्ट को कम करने के लिए यह योजना तैयार की गई है। ब्रेकडाउन की घटनाएं रोकने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने के साथ एलटी फ्यूज भी सुधारे जा रहे हैं। नगर में बिजली की खपत इस समय 75 से 80 लाख यूनिट हर माह है जबकि जिले में बिजली की खपत 750 लाख यूनिट प्रतिमाह तक पहुंच जाती है। जिले में 11,160 ट्रांसफार्मरों के जरिये बिजली आपूर्ति की जा रही है।
सर्दी के मौसम में सुबह-शाम लोड बढ़ रहा है, जिससे फॉल्ट की समस्या भी बन रही है। फॉल्ट को ठीक करने के लिए आपूर्ति बंद करने की अनुमति लेने पर आसपास की बस्तियों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इन फॉल्टों को कम करने के लिए बिजली निगम ने नगर के विभिन्न भागों में कुछ दिन पहले नए तार भी लगाए हैं ताकि ये तार अतिरिक्त भार को झेल सकें और स्पार्किंग से बचा जा सके।
- 90 फीडर के जरिये होती है आपूर्ति
जिले में 90 फीडरों के जरिये बिजली की आपूर्ति की जाती है। अकेले नगर में 12 फीडर हैं जिनके जरिये करीब 15,000 उपभोक्ताओं के प्रतिष्ठानों में बिजली आपूर्ति की जाती है। मौसम खराब होने पर बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है। इसमें सुधार के लिए नगर में तीन नए फीडर बन जाने के बाद अब भार जरूर बंट गया है।
- नगर में लगे हैं 2,160 ट्रांसफार्मर
नगर में 860 छोटे और 1,300 बड़े समेत कुल 2,160 ट्रांसफार्मर लगे हैं। बिजली निगम ने जिले को जगमग योजना में भी शामिल किया है ताकि मीटर घरों के बाहर लगाकर चोरी रुकने पर 24 घंंटे बिजली दी जा सके। इस काम को निगम दो माह में पूरा करने की तैयारी कर रहा है।
हाल ही में नगर में आठ नए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए हैं ताकि लोड की वजह से फॉल्ट कम से कम आए। नए तार भी लगाए गए है। नगर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है। - सुदीप कुमार, एसडीओ, बिजली निगम, चरखी दादरी।