बाढड़ा। जीवन शिक्षा प्रकल्प के अंतर्गत शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में खंडस्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को 11 प्रमुख जीवन कौशलों और उनसे जुड़ीं क्षमताओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा अनुभवात्मक शिक्षण पद्धति को अपनाने के लिए प्रेरित किया। जीवन कौशल शिक्षा की अवधारणा और पाठ्य-पुस्तकों की समीक्षा की गई। प्रशिक्षण में खंड के 53 राजकीय विद्यालयों से 114 शिक्षकों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों का कार्यक्रम अधिकारी रविकांत और कविता ने मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जलकरण और नीति आयोग के एबी फेलो मणिप्रकाश भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सहभागिता आधारित गतिविधियों, बाल संरक्षण और बाल सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया। लैंगिक समानता, चैटबॉट आधारित ऑनलाइन रिपोर्टिंग और सत्र रजिस्टर के सही प्रबंधन पर चर्चा हुई। इस दौरान पोस्ट-ट्रेनिंग असेसमेंट के साथ डिजिटल फीडबैक भी साझा किया। समापन के अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जलकरण ने जीवन कौशल शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डाला।