चरखी गांव के समीप शनिवार सुबह एक कैंटर ने बाइक को साइड मार दी। घटना में बाइक सवार मां, बेटी और बेटा घायल हो गए। उपचार के लिए उन तीनों को सिविल अस्पताल लाया गया। सदर थाना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कलियाणा निवासी सन्नी अपनी मां सुनीता और बहन शोभा के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी मौसी के घर भिवानी जा रहे थे। सन्नी ने बताया कि सुबह करीब पौने 11 बजे जब वो चरखी अड्डे के समीप पहुंचे तो एक कैंटर ने उन्हें साइड मार दी। घटना में वो तीनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कैंटर चालक ही तीनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां सुनीता और सन्नी को भर्ती किया गया, जबकि शोभा को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रेफर कर दिया गया। सदर थाना प्रभारी का कहना है कि अभी घायलों के बयान दर्ज नहीं हुए है। बयान के आधार पर अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।