चरखी दादरी। भारत देश की आजादी के पर्व को खास व यादगार बनाने के लिए 15 अगस्त को जिला मुख्यालय और बाढड़ा उपमंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन गरिमामयी ढंग से किया जाएगा। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा दादरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम में और विधायक उमेद पातुवास बाढड़ा में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।
नगराधीश सुरेश कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय पर 15 अगस्त को दादरी की नई अनाज मंडी परिसर में और बाढड़ा में भी अनाज मंडी में ही स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वजारोहण करेंगे और मार्च पास्ट का निरीक्षण करते हुए परेड की सलामी लेंगे। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शुरू होने से पहले मुख्य अतिथि शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करेंगे। उसके बाद समारोह स्थल पर 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
समारोह में हरियाणा पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, हिंदुस्तान स्काउट्स शानदार परेड का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न स्कूलों के बच्चे पीटी, डंबल व लेजिम शो की प्रस्तुति देंगे। समारोह में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।