चरखी दादरी। पंचायत चुनाव और दिवाली पर्व के मद्देनजर जिला पुलिस कप्तान दीपक गहलावत ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब पर रोक और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब पुलिस की और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिए कि प्रतिदिन अपने थाना क्षेत्र में स्वयं पेट्रोलिंग कर असामाजिक व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखें और बाजारों के खुलने से बंद होने तक लगातार गश्त करें। उन्होंने कहा कि त्योहार व पंचायत चुनाव की आड़ मे अवैध शराब या नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि पैरोल जंपरों के संभावित ठिकानों पर छापे मारकर उन्हें गिरफ्तार करें।
एसपी दीपक गहलावत ने कहा कि पंचायत चुनाव के लिए बनाए मतदान केंद्रों का सभी थाना प्रभारी निरीक्षण करें। इसके अलावा चुनाव के मद्देनजर लाइसेंस धारक अपने शस्त्र थानों में जमा कराना सुनिश्चित करें। बैठक में एसपी ने जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था के वर्तमान हालातों का जायजा लिया।
इन पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सराहनीय काम करने पर बाढड़ा थाना प्रभारी कप्तान सिंह, स्पेशल स्टाफ प्रभारी एसआई शमशेर सिंह, चिड़िया चौकी प्रभारी एएसआई सतबीर सिंह, ईएएसआई विजय, सुरक्षा एजेंट सोमबीर और ईएचसी अशोक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।