चरखी दादरी। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े उपायों को लेकर जिला के सभी कार्यालयों को तुरंत तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि देरी के लिए संबंधित कार्यालय अथवा अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे और कोताही के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने आदेश जारी कर कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट आदेश है कि रिहायशी इलाकों और खड़ी फसलों में जलभराव नहीं होना चाहिए। जलभराव की स्थिति होने पर जिम्मेदार अधिकारी की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने कहा कि जिला में सभी विभाग तुरंत बाढ़ राहत को लेकर तैयारी पूरी कर लें। अगर कहीं पर बाढ़ की स्थिति बनती है तो उसके लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जिला में बाढ़ नियंत्रण के लिए बनाई गई रणनीति को धरातल पर साकार करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड विजिट कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।