उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार फसल खरीद के बाद 24 घंटे के अंदर उठान किया जाएगा। अगर संबंधित ठेकेदार इसमें देरी करता है तो संबंधित गांव की पंचायत के माध्यम से उठान का कार्य किया जाएगा। इसके लिए पंचायत को ठेकेदार की दरों के अनुसार ही भुगतान होगा। इसी प्रकार जरूरत पड़नेपर मनरेगा मजदूरों से भी काम लिया जाएगा और उन्हें भी ठेकेदार की निर्धारित दरों पर भुगतान किया जाएगा।
मंगलवार को उपायुक्त श्यामलाल पूनिया, अतिरिक्त उपायुक्त मो. इमरान रजा, एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, नगराधीश प्रीतपाल सिंह व एसडीएम संदीप अग्रवाल ने दादरी जिला में बनाए गए सभी अस्थाई फसल खरीद केंद्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त ने कहा है कि बिजली-पानी, किसानों के छाया में बैठने, सुरक्षा, टोकन नंबर देने आदि की सभी सुविधाएं मौजूद होनी चाहिए। मंडियों में कोई भी किसान आए तो उसके चेहरे पर मास्क या गमछा होना चाहिए। किसान के हाथ सैनिटाइजर अथवा साबुन से साफ करवाए जाएं।
खरीद केंद्रों पर होगा सैनिटाइजर का छिड़काव
उपायुक्त ने कहा कि खरीद केंद्रों पर रोजाना सैनिटाइजर का छिड़काव करवाएं और सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाए। अतिरिक्त उपायुक्त मो. इमरान रजा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को फसल को बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। जिस किसी किसान के पास दस्तावेज आदि की कमी हो तो उसे आराम से समझाया जाए।
मोबाइल पर मैसेज आया है तो ही खरीद केंद्र पहुंचे किसान
मार्केट कमेटी सचिव सुरेश खोखर ने कहा है कि मंडी में वही किसान फसल की बिक्री के आए, जिनके मोबाइल फोन पर उनके पंजीकरण व अनाज ले जाने की तारीख, समय की जानकारी आ चुकी हो। उन्होंने बताया कि दादरी और बाढड़ा के अलावा झोझू कलां, रानीला, ढाणी फौगाट, कादमा, चिडिय़ा, हड़ौदी, इमलोटा, मिसरी, अटेला खुर्द, जावा, बेरला, झिंझर व चरखी में फसल खरीद की पूरी तैयारियां हैं।
आज से दो शिफ्टों में शुरू होगी खरीद
बुधवार 15 अप्रैल से फसल खरीद का कार्य सुबह आठ बजे से एक बजे तक व दोपहर दो बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा। कल 15 अप्रैल को सुबह-शाम दस-दस किसान आएंगे। वीरवार 16 अप्रैल से सुबह और शाम को पचास-पचास किसान मंडी में फसल बिक्री के लिए जाएंगे।