संवाद न्यूज एजेंसी
झोझूकलां। गांव झोझूकला के बस स्टैंड के सामने सोमवार को किसान संगठनों की बैठक आयोजित की गई। इसमें दो दिन के अंदर फसल खरीद न होने पर ट्रॉली में सरसों भरकर लघु सचिवालय पहुंचने का निर्णय लिया गया।
एमएसपी खरीद गारंटी कानून मोर्चा हरियाणा संयोजक जगबीर घसौला ने बताया कि अनाज की खरीद शुरू करवाने के लिए किसान लगातार मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसान फसल खरीद की मांग को लेकर एकत्रित हुए। इस दौरान किसानों से बात करने के लिए मार्केट कमेटी सह सचिव विकास मौके पर पहुंचे। सहसचिव ने दो दिन में फसल खरीद शुरू करवाने का आश्वासन दिया है। प्रदेश महासचिव रणबीर फौजी ने कहा कि फसल खरीद की मांग को लेकर किसान मंडल कमेटी जिला उपायुक्त से 14 मई को 11:00 बजे मुलाकात करेगी।
आचार्य देवी सिंह ने कहा कि एक बार में 25 क्विंटल का टोकन काटने की शर्त की वजह से किसानों की पूरी फसल नहीं बिक पाई है। प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सोलंकी ने कहा कि अगर दो दिन में खरीद शुरू नहीं होती है तो लघु सचिवालय में किसानों की महापंचायत बुलाई जाएगी और किसान सरसों को ट्राॅलियों में भरकर लघु सचिवालय में पहुंचेंगे। रिटायर्ड डीएसपी कपूर सिंह ने कहा कि मार्केट कमेटी के अधिकारियों की लापरवाही की वजह से शेष बचे किसानों के गेट पास जारी नहीं किए गए।
बैठक में भूप सिंह दलाल, बिजेंद्र, ट्रैक्टर यूनियन प्रधान राजेंद्र डागर, प्रवीण इमलोटा, पूर्व सरपंच धर्मवीर इमलोटा, ब्रह्मपाल बाढड़ा, रोशनी देवी, राजेश देवी, सूबेदार शमशेर सिंह, सूबेदार राजपाल,कटार सिंह, पवन,आढ़ती यूनियन प्रधान रमेश कुमार, सुजीत कुमार, सुरेश कुमार,विनोद आदि मौजूद रहे।
फोटो: 27
झोझू कलां में आयोजित बैठक में शामिल किसान नेता। स्रोत : स्वयं