चरखी दादरी। डॉ. भीमराव आंबेडकर शिक्षा एवं जनकल्याण समिति की सोमवार को वार्षिक आम सभा अग्रसेन धर्मशाला में आयोजित की गई। बतौर मुख्य अतिथि जेएनयू, नई दिल्ली के प्रोफेसर अजमेर सिंह काजल ने सहभागिता की। सभा की अध्यक्षता समिति के आजीवन संस्थापक सदस्य व अध्यक्ष विजय लोहरवाड़ा ने की। प्रोफेसर अजमेर सिंह काजल ने बाबा साहेब डॉ. बीआर आंबेडकर और अन्य महापुरुषों के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वंचित समाज की ऐतिहासिक पहचान और उसके क्रमिक विकास का उल्लेख किया। उन्होंने समाज को शिक्षित और जागरूक बनने की अपील की।
अध्यक्ष विजय लोहरवाड़ा ने संगठन को और अधिक मजबूत करने व एकजुटता बनाए रखने पर बल दिया। समिति के मुख्य सलाहकार प्रेम सिंह ने संगठन के कानूनी उत्तरदायित्वों के अनुपालन और वार्षिक रिपोर्ट के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने समिति की आगामी चुनाव प्रक्रिया और आयकर के प्रावधानों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष लालचंद ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सोमवीर,डॉ. सतीश, देवानंद, असिस्टेंट कमिश्नर विजय, बिरहीचंद गोठवाल, दलबीर सिंह वईया, ईश्वर सिंह, सत्यवीर सिंह, धर्मपाल मेहरा, मंदरूप सिंह, राजेश, बालकिशन और जयप्रकाश आदि मौजूद रहे।