फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: निविदा आवंटन के 6 माह बाद भी शुरू नहीं हुआ 5 उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवन का निर्माण कार्य

Wed, 09 Apr 2025 10:19 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो 26
विज्ञापन

जर्जर पड़ा रावलधी गांव का उपस्वास्थ्य केंद्र भवन। संवाद


- 2.83 करोड़ से भांडवा, बिगोवा, लोहरवाड़ा, मोरवाला और रासीवास गांव में बनने हैं उपस्वास्थ्य केंद्र के नए भवन, देरी होने से मरीज भुगत रहे खामियाजा

संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के पांच गांवों में बनने वाले उपस्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ है। निविदा प्रक्रिया सिरे चढ़े 6 माह का समय लंबा बीत चुका है। उपस्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन का निर्माण पंचायती राज संस्थान की ओर से कराया जाना है। स्वास्थ्य विभाग और पंचायती राज विभाग में आपसी तालमेल की कमी के चलते निर्माण कार्य शुरू होने में देरी हो रही है।
दरअसल, पंचायती राज विभाग की ओर से भांडवा, बिगोवा, लोहरवाड़ा, मोरवाला और रासीवास गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाने के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इन गांवों में नए भवन बनाने पर 2.83 करोड़ रुपये लागत आएगी। वहीं, इससे पहले पुराने भवनों को तोड़ना होगा। इसके लिए प्रति केंद्र आठ हजार रुपये की लागत आएगी। पिछले करीब चार माह से 40 हजार के बजट का पेच फंसा हुआ है। इससे पुराने भवन तोड़े नहीं जा रहे हैं। इसके बिना नए भवनों का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है।
विज्ञापन

जिले के 25 गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनने हैं। इनमें से 19 भवनों के निर्माण के लिए 11.16 करोड़ के एस्टीमेट को पांच माह पहले स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि, कुछ गांवों में अभी जगह चयन को लेकर पेच फंसा है। वहीं, 5 गांव ऐसे हैं, जहां सभी अड़चनें दूर हो चुकी हैं। अब केवल भवन निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।
- साढ़े तीन साल बाद भी सिरे नहीं चढ़ पाई योजना
स्वास्थ्य विभाग ने उपस्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनवाने की योजना करीब साढ़े तीन साल पहले तैयार की थी। लंबे समय तक उपस्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन निर्माण की प्रक्रिया ठंडे बस्ते में रही। वहीं, विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यालय की ओर से इस परियोजना को स्वीकृति दी गई। इसके बाद करीब 6 माह से अधिक समय बीत चुका है। बावजूद इसके नए भवनों के निर्माण की योजना सिरे नहीं चढ़ी है।

- ऐसे खर्च होनी है 2.83 करोड़ की ग्रांट
पंचायती राज विभाग की ओर से भांडवा, बिगोवा, मोरवाला, रासीवास और लोहरवाड़ा गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन बनाए जाने प्रस्तावित हैं। भांडवा में 47.86 लाख, बिगोवा में 61.53 लाख, लोहरवाड़ा में 55.86 लाख, मोरवाला में 63.64 लाख और रासीवास गांव में 54.63 लाख से नया भवन बनाया जाएगा।



- इन 14 गांवों में भी बनने हैं नए भवन
भांडवा, बिगोवा, लोहरवाड़ा, मोरवाला और रासीवास गांव के अलावा जीतपुरा-भारीवास में 61.30 लाख, बौंदखुर्द में 55.36 लाख, घसौला में 61.78 लाख, मकड़ाना में 57.22 लाख, मौड़ी में 65.63 लाख, चांगरोड में 56.56 लाख, चंदेनी में 63.11 लाख, ऊण में 60.24 लाख, कलियाणा में 60.73 लाख, मिसरी में 62.52 लाख, रावलधी में 55.81 लाख, फतेहगढ़ में 54.63 लाख, सांजरवास में 59.26 लाख, बास में 58.61 लाख से उपस्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण करवाया जाना है।



- स्टाफ के बैठने लायक भी नहीं हैं पुराने भवन
उपस्वास्थ्य केंद्रों के पुराने भवन लंबे समय से जर्जर हैं। ज्यादातर गांवों में तो स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ पुराने भवनों में बैठ भी नहीं रहा है। भवन की कमी के चलते स्टाफ किसी गांव में चौपाल में बैठ रहा है तो किसी में ग्रामीणों के घर बैठकर मरीजों का उपचार कर रहा है। नए भवन बनने के बाद मरीजों के साथ स्टाफ को भी परेशानियों से छुटकारा मिलेगा।
विज्ञापन



वर्सन:
पांचों उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण पंचायती राज विभाग की ओर से कराया जाना है। नए भवन बनाने के लिए पुराने तोड़े जाने हैं। पंचायती राज विभाग से तालमेल कर जल्द इस परियोजना को सिरे चढ़ाया जाएगा।
-डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ, जिला स्वास्थ्य विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें