संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर स्थित रोजगार्डन में रविदास सेवा आश्रम की ओर से हरियाणा के प्रथम आईएएस अधिकारी एवं पूर्व उद्योग और वाणिज्य मंत्री डाॅ. कृपाराम पूनिया के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। इसमें जनसमूह ने कृपाराम पूनिया की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि दी।
प्रधान जगदीश राय ने बताया कि सभी ने उनकी याद में दो मिनट का मौन धारण किया। बताया कि चौधरी देवी लाल की सरकार में डाॅ. कृपाराम पूनिया ने वर्ष 1986 में राजनीति में कदम रखा और पहली बार बड़ोदा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की थी। उन्हें राजनीतिक कॅरिअर की शुरुआत में ही उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री का कार्यभार मिल गया। इससे पहले वे 1964 बैच के हरियाणा क्षेत्र के प्रथम आईएएस अधिकारी रहे।
साथ ही वे दादरी के प्रथम एसडीएम भी रहे। कृपाराम पूनिया का 20 जनवरी 2025 को चंडीगढ़ में निधन हो गया। इस दौरान कैप्टन जयपाल सिंह, हंसराम गुड़ाना, राजेंद्र सिंह, जय भगवान, मुरारी सौंफ, दलबीर सिंह, जयदयाल, उमर सिंह, कृष्ण तोबडि़या, भूपेंद्र जेई, विजय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
फोटो-05
रोजगार्डन में कृपाराम को श्रद्धांजलि देते रविदास आश्रम के सदस्य। स्रोत : संगठन