आढ़तियों ने अपनी समस्याएं रखने के साथ मंडी में बाजरा खरीद करने वाले सभी आढ़तियों की सूची भी सौंपी ताकि कोई एजेंसी या एजेंसी के कर्मचारी की मनमानी के चलते बाजरा उठान से वंचित न रहे। वहीं, अधिकारियों की तरफ से आश्वासन दिया गया कि आढ़तियों की मांग के अनुसार व्यवस्था बना दी जाएगी। बशर्ते मंडी एसोसिएशन उसे कायम रखने में सहयोग करें। दोनों पक्षों की इस बात पर सहमति बनी। हालांकि आढ़तियों ने स्पष्ट कह दिया है कि अगर 24 घंटे में व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वो फिर से मंडी अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद कर देंगे।
अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी बैठक की। इसमें आढ़तियों को निर्देश दिए गए कि अगर किसी वाहन का चालक बाजरा उठान के नाम पर अवैध वसूली करता है तो उसकी इस करतूत को उजागर करें। सभी आढ़तियों का बाजरा उठवाया जाएगा। सबसे पहले अवैध वसूली रोकना जरूरी है, क्योंकि ये हर खरीद सीजन में हो रही है। सभी आढ़तियों से अपील की गई कि वो व्यवस्था बनाने में सहयोग करे ताकि प्रशासन को मदद मिल सके।
ठेकेदार का रुपये लेने से इन्कार
बैठक में आढ़तियों ने उठान के बदले प्रति बैग अवैध वसूली की शिकायत भी की। वहां मौजूद उठान कार्य करने वाले ठेकेदार ने कहा कि उसे इसकी कतई जानकारी नहीं है। अगर किसी चालक ने मनमर्जी से ये डिमांड की है तो कुछ कह नहीं सकता। आगे से इस तरह की शिकायत नहीं आने दी जाएगी।
अब तक 2.10 लाख क्विंटल बाजरा की हो चुकी खरीद
अब तक की स्थिति देखें तो जिले में 2.10 लाख क्विंटल बाजरा की खरीद हो चुकी है और 85 हजार क्विंटल बाजरे का उठान हो चुका है। मंगलवार को शाम तक के आंकड़ों पर गौर करें तो 15 हजार क्विंटल की खरीद की गई जबकि आठ हजार क्विंटल बाजरा का उठान किया गया।
आढ़ती एसोसिएशन की आज अधिकारियों के साथ बैठक हुई और इसमें बाजरा खरीद करने वाले आढ़तियों की सूची सौंपी गई। एसोसिएशन ने बाजरा उठान में भेदभाव न होने देने की मांग की जबकि एसोसिएशन की ओर से व्यवस्था बनाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।
रामकुमार रिटोलिया, प्रधान, नई अनाज मंडी
आढ़तियों की समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। जल्द ही उठान कार्य में तेजी लाई जाएगी और एसोसिएशन की मांग अनुसार सभी आढ़तियों के बाजरे का उठान करवाया जाएगा।
राजेंद्र गिल, डीएम, हैफेड