चरखी दादरी। जिले में रविवार को सभी ग्राम सभाओं में विकसित भारत पंचायत योजना का प्रारूप तैयार किया गया। ग्राम सचिव की मौजूदगी में आयोजित की गई ग्राम सभाओं में आम लोगों से सुझाव लेकर प्रस्ताव पारित किए गए। सभी प्रस्ताव सभा की जीपीएस फोटो के साथ पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं। जिले में 168 ग्राम पंचायतें हैं।
ग्राम सभाओं में विकसित ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का खाका तैयार किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर जिले की सभी 168 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा करने के बाद वर्ष 2027-28 के लिए विकसित भारत पंचायत योजना का प्रारूप तैयार किया गया। ग्राम सभाओं में जरूरतों और विकास कार्यों के बारे में सुझाव लिए गए। ग्राम सचिव की मौजूदगी में ग्रामीणों से विभिन्न विकास कार्यों के बारे में चर्चा की गई। गांवों में सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, बिजली, ,परिवार पहचान-पत्र, रास्ता निर्माण, रामबाग चहारदीवारी निर्माण, स्कूल भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जरूरतों पर आधारित प्रस्ताव पारित किए गए।
पंचायत क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने वाले संभावित कार्यों और ग्रामीण विकास से जुड़े कामों का खाका भी तैयार किया गया। ग्राम पंचायतों के सामने इस समय विभिन्न विकास कार्यों को पूरा करने के लिए बजट की जरूरत बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नालियों, पेयजल, सफाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कई कार्य बजट के अभाव में नहीं पा रहे हैं।
वर्जन
गांव में आयोजित ग्राम सभा में 14 प्रस्ताव पारित कर पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं। गांव के विकास का खाका तैयार किया गया है। ग्राम सभा में 321 सदस्यों की उपस्थिति रही। गांव की आबादी करीब 4500 है। -सरपंच प्रमिला देवी, ग्राम पंचायत भागवी
वर्जन
गांव में विकसित भारत विकास योजना व ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत विकास का प्रारूप तैयार किया गया है। गांव में महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्यों के लिए बैठक आयोजित करने के लिए भवन निर्माण करवाने, पानी निकासी के लिए नाला निर्माण, वाल्मीकि बस्ती से बारिश पानी निकासी का प्रस्ताव, खेतों व फिरनी को ठीक करवाने संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए हैं। सभा में सदस्यों की संख्या 180 रही। -सरपंच रामनिवास, ग्राम पंचायत इमलोटा
वर्जन
गांव में आयोजित ग्राम सभा में 100 लोगों की मौजूदगी रही। सभा में परिवार पहचान-पत्र से जुड़ी दिक्कतों का निवारण करने, रास्तों का निर्माण करवाने, ग्रामीण रोजगार गारंटी के तहत काम करवाने संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए। -सरपंच डिंपल देवी, ग्राम पंचायत ढाणी फोगाट
वर्जन
ग्राम सभाओं में विकसित भारत की योजनाओं का खाका तैयार किया गया है। सभी गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित की गई। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की मौजूद प्रस्ताव पारित किए गए हैं। -एबीपीओ मंजीत फोगाट, पंचायत विभाग