अनाज मंडी में शनिवार को 22 हजार 815 क्विंटल बाजरे की खरीद हुई। अब प्रतिदिन 300 किसानों को मंडी में बाजरा खरीद के लिए बुलाया जा रहा है। जिला में अब तक दो लाख 31 हजार 553 क्विंटल बाजरा की खरीद हो चुकी हैै। शनिवार और रविवार को कपास की सरकारी खरीद का कार्य बंद कर रखा है। नई अनाज मंडी में खरीद कार्य ने अब तेजी पकड़ ली है। पहले केवल 100 किसानों को ही मंडी में खरीद के लिए बुलाया जाता था, लेकिन अब 300 किसानों को प्रतिदिन टोकन जारी किए जा रहे हैं। इससे किसानों को कुछ राहत मिलने लगी है।
मंडी खरीद अधिकारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को जिला की मंडियों में 22 हजार 815 क्विंटल बाजरा की सरकारी खरीद की गई। जिले में झोझू कलां, कादमा, बाढड़ा, रानीला और दादरी मंडियों में बाजरा की सरकारी खरीद 2150 रुपये प्रति क्विंटल के भाव की जा रही है। जिला में बीते खरीफ सीजन में बाजरे की बिजित रकबा करीब 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र था। इस बार बाजरा की पैदावार कम ही रही है।
वहीं, कपास का सरकारी रेट 5725 रुपये प्रति क्विंटल है। कपास की सरकारी खरीद शनिवार और रविवार को बंद कर रखी है, ताकि उठान भी नियमित रूप से हो सके। बाजरा का उठान भी किया जा रहा है। घसोला गोदाम में बाजरा रखा जा रहा है। खरीद अधिकारी ने बताया कि किसान संयम बरतें। सभी पंजीकृत किसानों का दाना-दाना खरीदा जाएगा। सामाजिक दूरी की पालना करते हुए खरीद कार्य में सहयोग करें ताकि किसी प्रकार की कोई परेशानी ना आए।