चरखी दादरी। गांव झोझूखुर्द निवासी एक व्यक्ति ने पांच लोगों पर मिलीभगत कर मुआवजे के 96 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि महिला ने सीएससी संचालक और कृषि विभाग कर्मचारियों से मिलीभगत कर उसके हिस्से के रुपये हड़पे हैं। पीड़ित किसान की शिकायत पर झोझूकलां थाना पुलिस ने महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पवन कुमार ने बताया कि वह खेती करता है। उसकी और उसके भाई विजय कुमार की नौ एकड़ जमीन है। इसमें उन्होंने सरसों की फसल उगाई हुई थी। उसने गांव के सीएससी सेंटर पर मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर इसका विवरण अपलोड कराया था। उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसे पता चला कि सरकार ने किसानों के खाते में खराब हुई फसल का मुआवजा भेज दिया है।
जब वो बैंक गया तो उसे पता चला कि उसके खाते में पैसे नहीं आए हैं। इसके बाद उसने सीएससी पर जाकर पूछताछ की तो उसने एक रसीद निकालकर दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे रसीद से पता चला कि भिवानी निवासी शारदा नामक महिला ने खुद को उसकी बहन दर्शाकर मुआवजे के 96000 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। उसका आरोप है कि महिला ने सीएससी और विभाग कर्मचारियों के साथ मिलकर उसके अलावा अन्य किसानों के रुपये का भी गबन किया है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उसके पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है।