चरखी दादरी। जिले की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों में इन दिनों गेहूं की आवक जहां कम होती जा रही है वहीं सरसों की सरकारी खरीद का अंतिम चरण होने से काफी संख्या में किसान वीरवार को सरसों की फसल बेचने के लिए मंडी में पहुंचे जिसके चलते मंडी परिसर में पिछले दिनों की अपेक्षा वीरवार को काउंटर पर गेटपास कटवाने के लिए सरसों से भरे वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
जिले के खरीद केंद्रों पर वीरवार को सरसों बेचने के लिए 503 किसानों ने गेटपास कटवाने के बाद 13,582 क्विंटल आवक दर्ज की गई। वहीं वीरवार को गेहूं की बिक्री के लिए केवल 97 किसानों ने गेटपास प्राप्त करने के बाद 3,353 क्विंटल फसल की आवक दर्ज करवाई। इसके साथ ही सरकार ने वीरवार तक 2,697 किसानों की 1,20,420 क्विंटल गेहूं की 32.68 करोड़, वहीं 703 किसानों की 17,287 क्विंटल सरसों का 10.50 करोड़ रुपये का भुगतान खातों में जारी किया जा चुका है।
सरसों की सरकारी खरीद एक मई तक होने के आदेश के बाद वीरवार को दादरी की नई अनाज मंडी में सरकारी दाम में सरसों बेचने के लिए किसानों की लंबे समय बाद भीड़ देखी गई। वीरवार को सरकारी खरीद केंद्रों पर सरसों बेचने के लिए किसानों ने 503 गेटपास कटवाए गए, वहीं कम होती गेहूं की आवक के बाद कुल 97 किसानों ने गेटपास कटवाने के बाद 15,136 क्विंटल गेहूं की फसल आढ़तियों के पास डाली।
इसके साथ ही जिले के तीन केंद्रों पर सरसों की आवक का कुल आंकड़ा दो लाख 15 हजार 13 क्विंटल पहुंच गया। वहीं गेहूं की कुल आवक 6,68,787 क्विंटल हो गई। जिले की सरकारी खरीद एजेंसियों हैफेड, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग व वेयर हाउस की ओर से वीरवार को 19,215 क्विंटल गेहूं की खरीद करने के बाद खरीद का कुल आंकड़ा 5,47,938 तक पहुंच गया।
वीरवार को एजेंसी की ओर से 16,260 क्विंटल गेहूं का उठान किया गया। इसके अलावा गोदामों में गेहूं पहुंचने के बाद वीरवार सांय तक 2,697 किसानों के 1,20,420 क्विंटल गेहूं का 32.68 करोड़ रुपये की भुगतान राशि किसानों के खातों में डाली जा चुकी है। वहीं सरकारी भाव में सरसों बेचने वाले 703 किसानों के खाते में 10.50 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
इन खरीद केंद्रों पर इतनी हुई सरसों की आवक
खरीद केंद्र वीरवार को काटे गए गेटपास कुल गेटपास सरसों की कुल आवक
दादरी 333 6,743 1,86,711
बाढड़ा 88 357 7,885
झोझू कलां 82 823 20,417
वर्सन :
सरकार के आदेशानुसार एक मई तक सरसों की सरकारी खरीद होनी है। वहीं गेहूं की खरीद अभी आगामी आदेशों तक जारी रहेगी। मंडी में फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जा रही है।
विजय कुमार, सचिव मार्केट कमेटी, दादरी।