गोपी गांव की सीएचसी में जांच के लिए पहुंचे विधायक।
बाढड़ा। विधायक उमेद पातुवास ने वीरवार दोपहर गांव गोपी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि स्टाफ की उपस्थिति पूरी थी, लेकिन जरूरी दवाओं की कमी देखने को मिली।
विधायक ने अस्पताल में मौजूद मरीजों से बातचीत कर इलाज से जुड़ी समस्याएं सुनीं और उन्हें शीघ्र दवाएं व जांच उपकरण उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा सत्र में क्षेत्र में शिक्षा व चिकित्सा सुविधाओं की बेहतरी के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण चिकित्सा केंद्रों तक आधुनिक सुविधाएं जल्द उपलब्ध करवाई जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने सबसे पहले ओपीडी और उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और चिकित्सा अधिकारियों से अस्पताल प्रबंधन की जानकारी ली। पूर्व वाइस चेयरमैन संदीप सांगवान, सरपंच कुलबीर श्योराण, भाजपा मंडल अध्यक्ष शमशेर पंचगांव सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस सीएचसी में क्षेत्र के लगभग डेढ़ लाख लोगों का इलाज होता रहा है। लेकिन केंद्र का अपग्रेडेशन न होने के कारण यहां जरूरी दवाएं, जांच उपकरण और आधुनिक मशीनें उपलब्ध नहीं हैं।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने सीएचसी को 50 बेड के अस्पताल में अपग्रेड करने की मांग दोहराई। इस माैके पर एसएमओ डॉ. मनमीत सिंह नेहरा, डॉ. अभिलेख कुमार, विस्तार एजुकेटर डॉ. वीरेंद्र सिंह हुड्डा, विनय कौशिक, राजबाला, रमेश सिंह और रेडियोग्राफर मंजू सांगवान माैजूद रहे।