चरखी दादरी। शहर के बस स्टैंड रोड पर कचरे की उठान समय पर नहीं होने से दुकानदारों में नाराजगी है। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से डिवाइडरों के साथ पड़े कचरे की उठान सुबह जल्दी करवाने की मांग की है।
शहर के भगवान परशुराम चौक से बस स्टैंड तक डिवाइडर के साथ सुबह दस बजे तक कचरे के ढेर लगे रहते हैं। वहीं, हवा चलने पर कचरा उड़कर दुकानों के अंदर तक पहुंच जाता है। इससे दुकानदार व ग्राहक दोनों परेशान हैं।
दुकानदारों का कहना है कि कई दफा तो उन्हें दोबारा से प्रतिष्ठान की सफाई करनी पड़ जाती है। अगर कचरे की उठान सुबह जल्दी हो जाए तो उन्हें दिक्कतें नहीं झेलनी पड़ेंगी। दुकानदारों ने नगर परिषद के अधिकारियों से कचरा उठान सुबह 8 बजे तक पूरा करने की मांग की है।
- सफाई के साथ होनी चाहिए कचरे की उठान : स्थानीय दुकानदार गजेंद्र कुमार, राजेश कुमार, संजय सैनी, प्रदीप कुमार व चंचल गुप्ता आदि का कहना है कि नगर परिषद अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे सफाई के साथ ही कचरे की उठान भी हो जाए। इसके लिए नगर परिषद सफाई कर्मचारियों और कचरा उठान करने वाली एजेंसी के कर्मचारियों को आपसी तालमेल बनाना चाहिए।