चरखी दादरी। स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत गार्बेज फ्री सिटी का पहला चरण दादरी शहर ने पास कर लिया है। पोर्टल पर किए गए आवेदन और अपलोड दस्तावेज में जांच के दौरान कोई खामी नहीं पाई गई। अब अगले चरण के तहत जल्द ही टीम निरीक्षण करने दादरी पहुंचेगी। टीम को अगर निरीक्षण में कोई खामी मिली तो बाद में त्रुटि सुधार की योजना भी बताई जाएगी।
जनवरी माह से प्रदेश में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी जिलों में स्वच्छता संबंधी निर्देश दिए गए हैं। दादरी शहर को स्वच्छता में टॉप रैंक में शामिल करने के लिए अधिकारियों की ओर से विभिन्न प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, नगर परिषद की ओर से गार्बेज फ्री सिटी कैंपेन के तहत आवेदन किया गया है।
हाल ही में डीयूएलबी यानी शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय पंचकूला टीम ने स्वच्छतम पोर्टल पर जिले के आवेदन व अन्य दस्तावेज की जांच की। इस दौरान टीम को सभी दस्तावेज दुरुस्त मिले। इस आधार पर शहर को गार्बेज फ्री सिटी के पहले चरण में पास किया गया।
अब टीम जल्द दादरी पहुंचेगी और यहां मिलीं व्यवस्थाओं के आधार पर नंबर दिए जाएंगे, जिनसे देश में शहर की रैंकिंग भी तय होगी। अब तक सफाई समस्या को लेकर शिकायतें करने वाले 160 लोगों ने समाधान होने के बाद पोर्टल पर अपना फीडबैक दिया है।शहर को अच्छे अंक भी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा लोगों से स्वच्छता व्यवस्थाओं संबंधी फीडबैक फॉर्म भरवाया जा रहा है।
18 रिक्शा रेहड़ी पहुंची नगर परिषद : मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि नगर परिषद की ओर से शहर को कचरामुक्त रखने के लिए 18 रिक्शा रेहड़ी खरीदी गई हैं। 32 रेहड़ी जल्द परिषद के पास पहुंचेगी। इसके बाद सभी वार्डों में इनका वितरण किया जाएगा। इससे तंग गलियों से कचरा उठान में सहारा मिलेगा और हर गली की सफाई व कचरा उठान हो पाएगी।
जागरूकता के लिए बांटे जाएंगे 40 हजार पंफ्लेट: नागरिकों को जागरूक करने के लिए नगर परिषद टीम वार्ड के अनुसार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक कर रही है। टीम कचरा निस्तारण की सही विधि भी लोगों को बता रही है। अब जागरूक करने के लिए लोगों को सुबह कचरा उठान करने वाली गाड़ी के साथ ही पंफ्लेट बांटे जाएंगे। संवाद