- गांव जेवली से गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को किया गया काबू, बाढड़ा थाने में दर्ज हुआ केस, 40 हजार रुपये है बरामद मादक पदार्थ की कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। गांव जेवली में गांजा बेचने जा रहे एक तस्कर को पुलिस ने दबोचा है। आरोपी की पहचान जेवली निवासी संजय उर्फ बहरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ बाढड़ा पुलिस थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
बाढड़ा अपराध शाखा टीम मंगलवार को अपराध की रोकथाम के लिए कस्बा स्थित क्रांतिकारी चौक पर मौजूद थी। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि संजय उर्फ बहरा मादक पदार्थ बेचने का कार्य करता है। इस समय वह बाढड़ा-दादरी रोड से होकर गांव जेवली जाएगा। आरोपी पजामा-कुर्ता पहने हुए है। टीम ने योजना तैयार की और रोड पर मुस्तैद हो गई।
थोड़ी देर बाद आरोपी मौके पर आता दिखाई दिया तो पुलिस ने संदेह के आधार पर काबू कर लिया। पूछताछ में नाम-पता सही पाए जाने पर आरोपी की तलाशी ली। इससे पहले वरिष्ठ कोच बिजेंद्र सिंह को मौके पर बतौर राजपत्रित अधिकारी बुलाया गया।
इस दौरान टीम को आरोपी के बैग में एक पॉलिथीन बरामद हुई। इसकी जांच करने पर टीम को 1 किलो 900 ग्राम गांजा मिला। टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाढड़ा पुलिस को सौंप दिया।