गांव बिगोवा निवासी मां बेटे के बैंक खातों में जमा राशि में हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। गांव बिगोवा निवासी सरला ने सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के मैनेजर, कैशियर व अन्य बैंक कर्मचारियों पर मिलीभगत कर उनके साथ 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस शिकायत में गांव बिगोवा निवासी विधवा सरला ने बताया कि उसका व उसके बेटे विजय का इमलोटा स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में खाता है। सरला ने बताया कि उसका बेटा और वह 11 मई को इमलोटा के सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में पैसे निकलवाने गए। जब वे पैसे निकलवाने लगे तो पता चला कि उनके खातों में पैसे नहीं हैं। उसने बताया कि जांच करने पर पता चला कि उसके बैंक खाते से आठ, 12 और 15 अप्रैल को छह लाख रुपयेे निकाले गए हैं। इसी प्रकार विजय के बैंक खाते से आठ लाख रुपये किसी अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रंासफर कर दिए गए हैं।
इसके बाद वे बैंक मैनेजर से मिले। बैंक मैनेजर ने उनको बताया कि तुम्हें पैसों की जरूरत है, तो वह दोनों को 50 हजार रुपये दे देगा और 15 दिन में तुम्हारे खातों में पैसे डलवा दिए जाएंगे। इसके बाद महिला सरला ने पुलिस में बैंक मैनेजर, कैशियर व अन्य बैंक कर्मचारियों के साथ मिलकर उनके साथ 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। पुलिस ने सरला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
पुलिस ने महिला की शिकायत पर बैंक मैनेजर सूरजभान व कैशियर जगजीत केे खिलाफ 379, 420 व 409 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसमें अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
एसआई सतबीर सिंह, पुलिस चौकी प्रभारी, इमलोटा