चरखी दादरी। टोडी की पहाड़ी स्थित मंदिर के महंत से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल महंत को मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने उपचार के लिए दादरी नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। हालांकि मंगलवार शाम तक घायल के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन घायल महंत संतनाथ ने बताया कि सोमवार देर शाम करीब आठ बजे तीन-चार युवक मंदिर में आए और उन्होंने आते ही उन पर डंडों से हमला कर दिया। काफी देर उसे पीटने के बाद हमलावर वहां से चले गए। सुबह जब श्रद्धालु मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो उन्हें महंत घायल अवस्था में मिला। इसके बाद उन्होंने मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों को सूचित किया। मामले की सूचना पाकर कमेटी पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और महंत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। महंत का कहना है कि हमलावरों ने दानपात्र तोड़ने का भी प्रयास किया।