चरखी दादरी। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में 8 से 11 सितंबर तक हुई नेशनल सब जूनियर ग्रेपलिंग रेसलिंग चैंपियनशिप में जिले के गांव अटेला नया स्थित बाबा मंडालिया अखाड़ा के चार खिलाड़ियों ने पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है। अब यह चारों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे।
चरखी दादरी ग्रेपलिंग रेसलिंग के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अटेला निवासी सीया ने 27 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण, स्नेहा ने 34 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण, बाढ़डा निवासी सचिन ने 66 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी कड़ी में अटेला निवासी जीता ने भी 34 किलोग्राम में कांस्य पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने बताया कि चारों खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन होने पर गांव और अखाड़े सहित पूरे जिले में खुशी की लहर है। इन चारों विजेता खिलाड़ियों की जीत पर ग्रेपलिंग रेसलिंग चरखी दादरी के महासचिव अनिल कुमार व अध्यक्ष संजीव कुमार ने बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी पदक लाने के लिए प्रेरित किया।