चरखी दादरी। जिले में शुक्रवार को चार कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई, जबकि 39 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दम तोड़ने वाले संक्रमितों में एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। चारों मृतकों का कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार दाह संस्कार करवाया गया। शुक्रवार को 48 संक्रमितों ने कोरोना को मात भी दी है। अब जिले में 256 कोरोना सक्रिय केस बचे हैं।
कोरोना के चलते शुक्रवार को कारी मोद निवासी 75 साल की महिला, बौंदकलां निवासी 52 वर्षीय महिला और 56 वर्षीय व्यक्ति समेत शहर के काठमंडी क्षेत्र निवासी 92 वर्षीय महिला की मौत हुई है। इसके अलावा 11 महिलाओं समेत 39 लोग कोरोना संक्रमित भी मिले हैं। नए संक्रमितों में से पांच शहर और 34 गांवों के रहने वाले हैं। सभी नए संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर लिया है। शुक्रवार को चांगरोड गांव में तीन, बौंदकलां में चार, बेरला में दो संक्रमित मिले हैं। वहीं, माई कलां, खेड़ी बूरा, हिंडोल, बेरला, साहुवास, फतेहगढ़, दुधवा, हड़ौदी, गोपी, खेड़ी सनवाल, बिरही कलां, नौसवा, मकड़ाना और भागवी में भी कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। शहर में एक्सिस बैंक के समीप दो, मंगल मार्केट में एक, लोहारु चौक के समीप और प्रेम नगर क्षेत्र में एक- एक संक्रमित मिला है।
शुक्रवार को लिए 782 सैंपल
जिले में 28 मई तक कोरोना जांच के लिए 180415 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 4909 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 174801 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 705 सैंपल की रिपोर्ट लंबित हैं। शुक्रवार को 782 सैंपल लिए गए। जिले में 4530 संक्रमित कोरोना को मात दे चुके हैं, जबकि 123 संक्रमितों की अब तक मौत हुई है। फिलहाल 256 सक्रिय मामले हैं और इनमें से 60 संक्रमित आइसोलेशन वार्डों में भर्ती हैं।
शुक्रवार को चार संक्रमितों की मौत हो गई जबकि 39 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। 48 संक्रमितों को स्वस्थ होने के बाद विभाग ने डिस्चार्ज किया है। कोरोना रिकवरी रेट ऊपर आ रहा है जबकि संक्रमण दर जिले में अब काफी नीचे पहुंच चुकी है। लोगों से अपील है कि सजगता बरतना जारी रखें।
डॉ. सुदर्शन पंवार, सीएमओ।