बाढड़ा (चरखी दादरी)। बंदूक की सफाई करते समय संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से बेरला निवासी पूर्व सैनिक सुनील की मौत हो गई। छह माह पूर्व रिटायर हुए सैनिक का शव शुक्रवार दोपहर उनके खेत में मिला। बाढड़ा थाना पुलिस ने दादरी नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। उनके बेटे के बयान पर इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।
बाढड़ा थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि सुनील के बेटे मोहित ने बताया कि उनके पिता सेना से रिटायर थे। राजस्थान के गंगानगर में किसी ज्वेलर्स के पास सुरक्षा गार्ड के रूप में नौकरी करते थे। शुक्रवार को खेत में दुनाली बंदूक को साफ करते हुए गोली चल गई। इससे उनके पिता की मौत हो गई। दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस ने इत्तफाकिया मौत होने संबंधी कार्रवाई की है।