चरखी दादरी। शहर निवासी दो लोगों ने कुछ लोगों पर जालसाजी के तहत उनकी प्रॉपर्टी आईडी के साथ फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की शिकायत सिटी थाना में दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार समेत 9 लोगों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 व 120-बी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का दी शिकायत में पुरानी अनाज मंडी के पिछली तरफ रहने वाले प्रवीन गोयल पुत्र रतनलाल व विपुल पुत्र सुरेंद्र ने बताया कि एक महिला और उसके बेटे ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे उनकी प्रॉपर्टी आईडी अपने नाम से करवा ली। इस गैरकानूनी काम में स्टाम्प वेंडर समेत एक अधिवक्ता ने भी उनका साथ दिया। प्रवीन और विपुल ने पुलिस शिकायत में तहसील कार्यालय की संलिप्तता भी जाहिर की। उसकी शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार, स्टाम्प विक्रेता, मां-बेटा और अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।