चरखी दादरी। जिला पुलिस की टीमों ने कई गांवों में फुटबाल और वॉलीबाल स्पर्धा आयोजित करवाई। इन स्पर्धाओं में कई गांवों की टीमों ने दमखम दिखाया। मुकाबले जीतने वालीं टीमों के खिलाड़ियों को पुलिस विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि डीजीपी शत्रुजीत कपूर के निर्देशानुसार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जिला पुलिस खेल गतिविधियां करवा रही है। इसके माध्यम से खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है। एसपी पूजा वशिष्ठ के मार्गदर्शन में रविवार को थाना स्तर पर बाढड़ा, दादरी सदर, बौंदकलां और झोझूकलां क्षेत्र के गांवों में फुटबाल और वाॅलीबाल खेल करवाए गए। उन्होंने बताया कि इससे पहले स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) ने सभी युवाओं को पुलिस की ओर से तैयार करवाए और खेल मैदानों में प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा को निखारा है।
वॉलीबाल स्पर्धा में छपार की टीम ने बिरहीकलां को हराया। दूसरी वॉलीबाल स्पर्धा में मकड़ाना और तीसरे मैच में कासनी की टीम जीती। झोझूकलां, कलियाणा, चांगरोड की टीमों ने भी बेहतर खेल दिखाया। इसी प्रकार कादमा, बेरला, चरखी ए, चरखी बी के बीच फुटबाल के रोचक मुकाबले हुए और इनमें चरखी बी की टीम विजेता बनी। इसके बाद इमलोटा व निमली, निमड़ बड़ेसरा व आर्मी टीम, रावलधी ए व रावलधी बी, रावलधी व चंपापुरी की टीमों के बीच भी रोमांचक मुकाबले हुए।
- खाकी ने युवाओं को नशा से दूर रखने की ठानी : एसपी
एसपी पूजा वशिष्ठ ने कहा कि खाकी ने युवाओं को नशे से दूर रखने की ठानी तो इसके असर नजर आए हैं। अब युवाओं को नशे से दूर रखने में भी सकारात्मक नतीजे मिले हैं। उन्होंने कहा कि ये खेल मैदान युवाओं ने ही तैयार किए और वही इनमें रोजाना खेल अभ्यास कर रहे हैं। एसपी ने जिले के युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
- पुलिस की मुहिम लाई रंग
सदर थाना प्रभारी तेजपाल सोनी ने कहा कि पुलिस की युवाओं को नशे से दूर कर उन्हें खेल से जोड़ने की मुहिम चलाई गई है। एसपीओ नियमित रूप से खेल मैदानों पर पहुंचकर प्रशिक्षण दे रहे हैं। इससे मैदान में युवाओं की संख्या बढ़ रही है और युवाओं का खेल प्रदर्शन में सुधार भी हुआ है।