चरखी दादरी। दादरी शहर के रावलधी पुलिस नाके से गुजर रहे तेल के एक टैंकर से सचल निगरानी दस्ता (एफएसटी/उड़नदस्ते) ने करीब 24 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। सिटी थाना पुलिस ने नकदी को अपने कब्जे में लेकर आयकर विभाग को सूचित कर दिया। दोपहर को थाने पहुंची टीम ने बरामद नकदी के बारे में एसएचओ रमेश कुमार से जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि ये रकम चुनाव से जुड़ी नहीं है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात एफएसटी रावलधी पुलिस नाके पर तैनात थी। तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस नाके से गुजर रहे एक तेल के टैंकर को रुकवाकर तलाशी ली गई तो उसमें से 24 लाख रुपये बरामद हुए। टैंकर चालक ने टीम को बताया कि सरसों के तेल की बिक्री से यह भुगतान मिला है। टीम ने तत्काल दादरी शहर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार को सूचित किया। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और नकदी अपने कब्जे में ले ली। दोपहर करीब दो बजे आयकर विभाग की टीम थाने में पहुंची और एसएचओ से जानकारी हासिल की।
- ये रहेगी आगामी प्रक्रिया
सूत्रों के मुताबिक यह भुगतान सरसों के तेल के एक कारोबारी का है। जब्त हुई संदिग्ध रकम खजाना कार्यालय में जमा करवाई जाती है लेकिन यह रकम कारोबार से जुड़ी बताई गई है। इसलिए कोई कर चोरी न करने का सबूत दिखाकर मालिक इसे वापस ले सकता है। हालांकि इस प्रक्रिया में कुछ समय लग सकता है।
रावलधी नाका से जांच के दौरान एफएसटी टीम ने तेल के कैंटर से ये नकदी बरामद की। इससे संबंधी दस्तावेज दिखाकर मालिक अपनी नकदी ले सकता है। फिलहाल नकदी ट्रेजरी में जमा करवा दी गई है।
-प्रदीप कौशिक, जिला परिषद सीईओ एवं एफएसटी चेयरमैन