चरखी दादरी में एनसीबी की पांचों यूनिट प्रभारियों की बैठक लेतीं एसपी नितिका गहलोत।
चरखी दादरी। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएनसीबी) की एसपी नितिका गहलोत ने मंगलवार को एनसीबी की पांच इकाइयों की बैठक दादरी में ली। उन्होंने पांचों इकाइयों के प्रभारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए। एसपी नितिका ने कहा कि पांचों इकाइयों में तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी नशा बेचने वालों पर पैनी नजर रखकर उन्हें मादक पदार्थों समेत दबोचे।
दादरी में मंगलवार को हुई बैठक में डीएसपी सतेंद्र सिंह समेत हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, रोहतक और भिवानी इकाई के प्रभारियों ने अपनी कार्रवाई बताई। एसपी नितिका ने कहा कि नशे पर अंकुश लगाने के लिए आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार कर उनका सहयोग लिया जाए और ड्रग्स का गैरकानूनी धंधा करने वालों पर पैनी निगाह रखी जाए।
एसपी ने कहा कि हर ग्राम सरपंच और वार्ड पार्षद को अपने क्षेत्र के सभी लोगों का चाल-चलन और व्यवहार का पता होता है। उन्हें ये भी जानकारी होती है कि गांव व वार्ड का कौन सा व्यक्ति किस प्रकार की गतिविधियों में सम्मिलित रहता है। एसपी नितिका ने कहा कि प्रत्येक ग्राम के मौजिज व्यक्तियों से जानकारी लें कि उसके क्षेत्र में कौन नशीला पदार्थ बेचता है और कौन नशीले पदार्थ का सेवन करता है। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वाले व्यक्ति पर एचएनसीबी की पैनी नजर होनी चाहिए।
एसपी ने कहा कि नशा बेचने वाले अपराधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए एचएनसीबी के प्रत्येक पुलिस जवान कसौटी पर खरे उतरे। एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, सच्ची निष्ठा और मेहनत से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा लेकिन काम में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।