फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: पांच परियोजनाएं लगाएंगी जिले के विकास और सौंदर्यीकरण को पंख

Thu, 13 Jul 2023 11:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
पहले चरण के कार्य के बदली हुई श्यामसर तालाब की तस्वीर
विज्ञापन
चरखी दादरी। अमर उजाला हिसार यूनिट अपना पांच साल का सफर सफलतापूर्वक पूरा कर छठे साल में प्रवेश कर गई है। इन पांच सालों में अमर उजाला ने दादरी माई सिटी संस्करण के जरिये जिले में हाेने वाले विकास कार्याें की जानकारी न केवल पाठकों तक पहुंचाई, बल्कि आमजन की आवाज बनकर लोगों और समाज की समस्याओं को प्रमुखता से विभागों, प्रशासन और सरकार के समक्ष रखा।
विज्ञापन

अपने पांचवें साल में भी अमर उजाला आमजन के हित से जुड़े मुद्दों और जिले में होने वाले विकास कार्याें की सूचना पहुंचाने का सिलसिला जारी रखेगा। इसके लिए जिलावासियों और पाठकों के प्यार व सहयोग की अपेक्षा रहेगी। इस समय जिले में 300 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है जबकि आने वाले समय में 600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात जिले को मिलने वाली है। इनमें से ज्यादातर योजनाओं को सरकार की हरी झंडी मिल चुकी है। आने वाले कुछ माह में विकासपरक परियोजनाओं के पूरा होने से स्वास्थ्य, यातायात, खेल व शिक्षा आदि क्षेत्रों की सेवाओं में भी विस्तार होने की उम्मीद है।
जानिये...किस परियोजना पर कितनी आएगी लागत और क्या है स्थिति
परियोजना- एक: लघु सचिवालय भवन निर्माण कार्य होगा पूरा
जिले के मौजूदा लघु सचिवालय का दायरा कम है और जिला स्तरीय लघु सचिवालय बनना प्रस्तावित है। इसके लिए राजस्व विभाग ने हुडा को 100 करोड़ से अधिक की राशि देकर जमीन खरीदी थी। वहीं, लघु सचिवालय निर्माणाधीन है और इसके निर्माण के लिए 62 करोड़ 71 लाख रुपये का बजट खर्च होगा। नया लघु सचिवालय बनने के बाद सभी विभागों की सुविधाएं जिलावासियों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इस समय सरकारी विभागों के कार्यालय अलग-अलग जगहों पर चल रहे हैं।
विज्ञापन


परियोजना-दो: 400 साल पुराना श्यामसर तालाब दिखेगा नए लुक में
शहर के 400 साल पुराने ऐतिहासिक श्यामसर तालाब को पर्यटन स्थल में तबदील करने की योजना के पहले चरण पर नगर परिषद ने काम पूरा कर दिया है। पहले चरण के कार्य पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। अब दूसरे चरण का एस्टिमेट तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा। दूसरा चरण परवान चढ़ने के बाद तीसरे चरण का एस्टिमेट तैयार होगा। करीब 22 करोड़ से तीन चरणों में तालाब की दशा सुधारी जाएगी। पहले चरण का काम पूरा होने पर तालाब का स्वरूप बदला नजर आ रहा है।

परियोजना- तीन : दो दशक बाद परवान चढ़ेगी रोहतक फाटक आरओबी की मांग
शहर में दो रेलवे ओवरब्रिज हैं, जबकि तीसरे रोहतक फाटक पर आरओबी निर्माण की मांग करीब दो दशक पुरानी है। सरकार ने इस फाटक पर आरओबी निर्माण के लिए 45 करोड़ की ग्रांट स्वीकृत की हुई है। करीब एक हजार मीटर लंबे आरओबी के निर्माण से प्रतिदिन बीस हजार वाहन चालकों को राहत मिलेगी। राहत की बात ये है कि रेलवे की ओर से इसे अंतिम स्वीकृति मिल गई है। मानसून सीजन के बाद पीडब्ल्यूडी अगली कार्रवाई करेगा। इसके अलावा दादरी-फर्रुखनगर रेलवे लाइन के जरिये जिला महानगरों से जुड़ेगा।

परियोजना- चार : दो नए बाईपास बनने से सुगम होगा सफर
प्रशासन और सरकार की दादरी के अलावा बाढड़ा में भी एक बाईपास बनाने की योजना है। इस साल दोनों बाईपास बनाने की योजना पर काम शुरू हो जाएगा। दादरी में नया बाईपास दादरी-भिवानी लिंक मार्ग से लेकर महेंद्रगढ़ चौक से आगे तक निकाला जाएगा। इसी प्रकार बाढड़ा के बाहर भी एक बाईपास बनाया जाएगा। इससे न केवल बाढड़ा का विस्तार होगा बल्कि वाहन चालकों को कस्बा में प्रवेश करने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। बाईपास निर्माण की दोनों परियोजनाएं अहम हैं।

परियोजना-पांच: बढ़ेगा स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा
इस साल के अंत तक स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा भी बढ़ जाएगा। बाल-शिशु नर्सरी के निर्माण का काम शुरू हो चुका है जबकि जिले में एमआरआई और सिटी स्कैन सुविधा शुरू करने की भी योजना है। इसके अलावा 25 उप स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन भी स्वास्थ्य विभाग बनवाएगा। वहीं, डेढ़ साल से कबाड़ बने पोर्टेबल अस्पताल का भी सदुपयोग किया जाएगा। इसकी कार्ययोजना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तैयार कर रहे हैं। विशेषज्ञ भी जल्द मिलने की उम्मीद है।


जिला के विकास को गति देने के लिए सरकार प्रयासरत है। जल्द से जल्द विकासपरक प्रोजेक्टों को सिरे चढ़वा दिया जाएगा। शहर की सीवर और पेयजल समस्याओं के स्थायी समाधान में अब ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। अमर उजाला हिसार यूनिट के स्थापना दिवस पर मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई।
सोमबीर सांगवान, विधायक, दादरी
जिले को सरकार ने कई सौगात दी हैं। जिले के लिए आने वाले समय में और भी विकासपरक योजनाएं तैयार करवाईं जाएंगी। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य और खेल क्षेत्र की सुविधाओं का दायरा भी जल्द बढ़वाया जाएगा। अमर उजाला हिसार यूनिट के स्थापना दिवस पर पूरी टीम को मेरी तरफ से बधाई।
विज्ञापन


नैना चौटाला, विधायक, बाढड़ा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें