चरखी दादरी। जिले में कोरोना संक्रमण से मौत का आंकड़ा 100 पार हो चुका है। जिले में अब तक से 103 कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ दिया है। सोमवार को जिले में पांच और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गईं। इनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। दम तोड़ने वालों में एक केस शहर का और चार गांवों के हैं। सीएमओ डॉक्टर सुदर्शन पंवार ने पांच संक्रमितों की मौत होने की पुष्टि की है।
सोमवार को 129 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 127 स्वस्थ हुए हैं। फिलहाल1012 सैंपल की रिपोर्ट लंबित हैं। सोमवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने 2092 लोगों को कोरोना वैक्सीन भी लगाई। सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया कि सोमवार को 36 से लेकर 70 वर्षीय संक्रमित की मौत हुई हैं। शहर के प्रेमनगर निवासी 36 वर्षीय व्यक्ति, लोहरवाड़ा निवासी 60 साल की महिला, मानकावास निवासी 70 साल की महिला, चिड़िया निवासी 68 वर्षीय व्यक्ति के अलावा रानीला निवासी 50 वर्षीय संक्रमित की उपचार के दौरान मौत हो गई और कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार ही उनका दाह-संस्कार किया गया। सीएमओ ने बताया कि सोमवार को जिले में 36 महिलाएं सहित 129 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी नए संक्रमितों को ट्रेस कर लिया गया है।
यहां मिले नए संक्रमित
सोमवार को शहर निवासी 30 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा बौंदकलां में 6, इमलोटा और नांधा में दो-दो, अचीना में चार, बिरही कलां में दो संक्रमित मिले हैं। वहीं, बेरला, दुधवा, सांतौर, घिकाड़ा, कलाली, पातुवास, घसोला, भैरवी, फतेहगढ़, मंदौली, काकड़ाली सरदारा, कारी मोद, द्वारका, नांधा, मौड़ी, दगड़ोली और लोहरवाड़ा आदि गांव में नए संक्रमित मिले हैं।
सोमवार को 1139 लोगों के लिए सैंपल
17 मई तक जिले से कोरोना जांच के लिए 170786 लिए गए हैं, जिनमें से 4224 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 165550 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सोमवार को विभाग की टीमों ने 1139 सैंपल लिए हैं। जिले में अब तक 3432 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 103 की मौत हो चुकी हैं। जिले में फिलहाल 689 संक्रमित उपचाराधीन हैं, जिनमें से 145 आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं।
18 से 44 वर्ष के 2092 लोगों को लगाई वैक्सीन
सोमवार को जिला स्वास्थ्य विभाग ने 18 से 44 वर्ष तक की उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन के लिए मैगा सेशन लगाए। 18 सेशन लगाकर 2092 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज डॉक्टर आशीष मान ने बताया कि सिविल अस्पताल में 325, एमसीएच में 220, बौंदकलां में 173, अचीना में 87, इमलोटा में 74, रानीला में 82, सांवड़ में 80, झोझूकलां में 155, बलकरा में 90, संतोकपुरा में 87, मानकावास में 80, गोपी में 153, माई कलां में 80, बाढड़ा में 160, हड़ौदी में 83, कादमा में 88 और छपार में 85 लोगों ने वैक्सीनेशन करवाया।