चरखी दादरी/बौंदकलां/ झोझूकलां/बाढड़ा। जिले के पांच कॉलेजों में शुक्रवार को पहली मेरिट सूची जारी हुई है। वहीं, राजकीय कॉलेजों में शाम पांच बजे तक मेरिट सूची जारी की गई। इसमें सबसे अधिक सीटें शहर के जनता महाविद्यालय में आवंटित हुई हैं। वहीं, बौंदकलां राजकीय कॉलेज में सीटों की संख्या कम रही।
जनता कॉलेज के दाखिला नोडल अधिकारी डॉ. नीरज गर्ग ने बताया कि संस्थान में स्नातक की 1160 सीटों पर दाखिले होने हैं। पहली मेरिट सूची में 554 सीटें आवंटित हुई हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में बीए संकाय में 560 सीटों पर दाखिले होने हैं। वहीं, बीए की पहली मेरिट सूची में 360 सीटें अलॉट हुई। इसी प्रकार बीएससी नॉन मेडिकल की 180 सीटों में से 62 सीटें, मेडिकल की 80 में से 47, एक्चुरियल साइंस और कंप्यूटर साइंस की 80 में से 23- 23 सीटें आवंटित हुई हैं। बीकॉम की 180 में से 39 सीटों आवंटित की गई हैं।
एपीजे सरस्वती कॉलेज के अधीक्षक सज्जन गुप्ता ने बताया कि संस्थान में कुल 212 सीटें आवंटित हुई हैं। इनमें बीए की 400 सीटों में से 185, बीकॉम की 80 में से 12 और बीएससी नॉन मेडिकल की 80 में से 15 सीटें आवंटित हुई हैं। बौंदकलां राजकीय महाविद्यालय में बीए की 240 में से 152 सीटें अलॉट हुई। वहीं, बाढड़ा महिला महाविद्यालय से दाखिल इंचार्ज ललित कुमार ने बताया कि संस्थान की 500 में से 264 सीटें आवंटित हुई। इनमें बीए की 212, बीकॉम की 10 और बीएससी नॉन मेडिकल की 42 सीटें शामिल हैं। इस प्रकार मांढी हरिया राजकीय कॉलेज की 240 सीटों में 119 सीटें आवंटित हुई हैं। इनमें बीए की 114 और बीकॉम की 5 सीटें शामिल हैं।