पैट वेलफेयर सोसायटी कार्यालय के शीशा पर बना गोली का निशान।
चरखी दादरी। दादरी-भिवानी मुख्यमार्ग स्थित अधिकार पैट वेलफेयर सोसायटी के कार्यालय के बाहर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। वारदात को बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने अंजाम दिया। गनीमत रही कि कार्यालय में मौजूद किसी को गली नहीं लगी। वहीं, पुलिस ने एनजीओ संचालक की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मिले खोल को कब्जे में ले लिया है।
एनजीओ संचालक सुनील कुमार ने बताया कि उनकी पैट वेलफेयर सोसायटी है जो लावारिस कुत्तों का उपचार करती है। सोसायटी का कार्यालय भिवानी रोड पर है। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे चरखी निवासी पशु चिकित्सक डॉ. शील सांगवान, प्रवीन कुमार, अनिल, केतन, रविंद्र व सोमबीर कार्यालय में मौजूद थे। उसी दौरान दो युवक बाइक पर सवार होकर कार्यालय के सामने आकर रुके। दोनों युवक अपने हाथों में हथियार लिए हुए थे।
डॉ. सुनील ने बताया कि उनमें से एक युवक ने पहले हवाई फायर किया और इसके बाद उसने दो फायर कार्यालय के शीशे की तरफ किए। गनीमत रही कि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के तुरंत बाद एनजीओ संचालक सुनील मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी तुरंत सदर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से दो खोल और एक कारतूस बरामद किया। पुलिस ने गांव चरखी निवासी रविंद्र पुत्र नत्थूराम के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।