बाढड़ा। गांव सिरसली मेें गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों ने मुश्किल से आग पर काबू पाया। इससे खेत मालिकों को काफी नुकसान हुआ है। ग्राम पंचायत सदस्यों ने थाना प्रभारी को शिकायत देकर घटना की जांच करवाने की मांग की है।
गांव सिरसली के सरपंच ज्ञानवीर ने बताया कि ग्राम पंचायत के पास कई एकड़ शामलात भूमि है। इसे हर सीजन में छोटे किसानों को पट्टे पर बिजाई के लिए दिया जाता है। किसान सोमबीर सिंह ने इस जमीन पर गेहूं की खेती कर रखी थी। बीती रात को गांव के कुछ अज्ञात लोगों ने गेहूं की फसल में आग लगा दी। इससे पकी हुई फसल जल गई। ग्रामीणों ने पुलिस टीम को मौके पर बुलाया। ग्रामीणों के सहयोग से मुश्किल से आग पर काबू पाया गया अन्यथा आसपास के खेतों में भी आग लग सकती थी।
पीडि़त किसान सोमबीर सिंह ने दी शिकायत में थाना प्रभारी को बताया कि उसने शामलात भूमि को पट्टे पर खेती के लिए ले रखा है। किसान सोमबीर सिंह ने पुलिस शिकायत में गांव के ही एक युवक पर आग लगाने का शक जाहिर किया है। उन्होंने घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है।