बाढ़डा। क्षेत्र के गांव भांडवा में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के पति पूर्ण चंद ने गांव के तीन लाेगाें के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर 10 लाख रुपये लेकर समझौता करने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिकायत के अनुसार सुमन की मौत के बाद उसके पास से एक युवक के मोबाइल नंबर वाली एक पर्ची मिली थी। वहीं मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड भी सामने आए। पूर्णचंद का आरोप है कि रवि कुमार उसकी पत्नी को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
पीड़ित ने बताया कि 14 जुलाई को डीएसपी कार्यालय से लौटते समय आरोपियों ने काले रंग की स्कॉर्पियो से उनकी बाइक रोककर समझौते का दबाव बनाया और मना करने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति से होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर, लोकेशन और व्हाट्सएप चैट की फोरेंसिक जांच कराने और मामले में निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर तीन लाेगाें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।