चरखी दादरी। दादरी शहर के विभिन्न बाजारों, मुख्य मार्गों पर बदहाल अवस्था में पड़े सार्वजनिक शौचालयों की आखिरकार नगर परिषद ने सुध ले ली है। विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 12 सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालयों की रखरखाव के लिए नगर परिषद की ओर से एक एजेंसी को निविदा आवंटित कर दी गई है। जिसके तहत प्रत्येक शौचालय के रखरखाव पर हर महीने नप की ओर से 14 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। सार्वजनिक शौचालयों की हालत सुधरने से हर रोज हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
बता दें कि नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए 12 सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण करवाया हुआ है। नियमित रखरखाव व साफ-सफाई न होने के कारण ये सार्वजनिक शौचालय बदहाल अवस्था में पहुंच चुके हैं। किसी में पानी नहीं होता तो कुछ शौचालयों से पाइप तक गायब हैं। इनके अलावा शौचालयों में गंदगी का अंबार लगा रहता है। जिसके कारण इनका इस्तेमाल करना तो दूर इनके पास से गुजरना भी काफी मुश्किल बना रहता है। इनसे काफी दुर्गंध आती रहती है। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
दादरी नगर परिषद ने इस पर संज्ञान लेते हुए पिछले दिनों शौचालयों की रखरखाव व साफ-सफाई के लिए एजेंसी हॉयर करने को निविदा जारी की थी। अब सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए नप ने एजेंसी को निविदा आवंटित कर दी है।
प्रति माह एक शौचालय पर 14 हजार रुपये होंगे खर्च
बता दें कि शहर में इस समय 12 सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालय हैं। नगर परिषद द्वारा आवंटित की गई निविदा के अनुसार एजेंसी को प्रतिमाह एक शौचालय के रखरखाव व साफ-सफाई के लिए 14 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। जिसके अनुसार हर महीने सभी शौचालयों पर एक लाख 68 हजार रुपये और प्रति वर्ष 20 लाख 16 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन स्थानों पर हैं सार्वजनिक शौचालय
वर्तमान में दादरी के रोहतक रोड स्थित रेलवे फाटक के समीप, रेलवे रोड पर बिजली निगम कार्यालय के समीप, लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, वैश्य स्कूल के समीप, पुरानी अनाज मंडी के दूसरे गेट के समीप, तिकोना पार्क, कॉलेज रोड पर, सिटी पुलिस थाना के समीप, वार्ड 11 स्थित भगवान वाल्मीकि नगर में दो, रोज गार्डन के समीप तथा बस स्टैंड के समीप सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालय हैं।
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि शहर में बदहाल शौचालयों का मुद्दा अमर उजाला में प्रमुखता के साथ उठाया गया था। गत एक दिसंबर को शहर में स्थित सार्वजनिक शौचालयों की ग्राउंड रिपोर्ट करते हुए शौचालय बदहाल, सीट टूटी तो किसी की पाइप गायब, शीर्षक के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। उसके बाद हरकत में आए नगर परिषद अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लिया।
शहर में स्थित 12 सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव व साफ-सफाई के लिए एजेंसी को निविदा आवंटित कर दी गई है। जल्द ही एजेंसी को कार्य आदेश जारी कर दिए जाएंगे। प्रत्येक शौचालय के रखरखाव व सफाई पर हर महीने 14 हजार रुपये का खर्च जाएगा। सार्वजनिक शौचालयों की दशा सुधरने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद दादरी।