चरखी दादरी। 10 अगस्त के राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन की तैयारियों के लिए सर्व कर्मचारी कार्यालय में मजदूर-किसान एवं कर्मचारी संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता किसान नेता बिजेंद्र सांगवान ने की।
भवन निर्माण कामगार यूनियन के जिला संयोजक सुमेर सिंह, किसान सभा जिला प्रधान रणधीर कुंगड़, ब्लॉक प्रधान नसीब मोद, सीटू जिला संयोजक राजकुमार धिकाडा़ सीटू जिला सह संयोजक कमलेश भैरवी, किसान मजदूर यूनियन के जिला प्रधान राजकुमार हड़ोदी, सुरेश कुमार, इंटक जिला प्रधान मनीराम ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार की।
किसान सभा जिला प्रधान रणधीर कुंगड़ ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की मजदूर, किसान और कर्मचारी विरोधी नीतियों के कारण आम जनता में रोष है। मजदूरों और किसानों की जायज मांगों की अनदेखी की जा रही है। ऐसे में 10 अगस्त का जेल भरो आंदोलन मजदूर-किसान एकता को मजबूत करते हुए सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का संदेश देगा।
बैठक में आंदोलन को सफल बनाने के लिए गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने, मजदूरों, किसानों एवं कर्मचारियों को बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल करने व संगठनों की संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये प्रति माह लागू करना, रद्द किए गए निर्माण मजदूरों के पंजीकरण वैध करना, निर्माण मजदूरों के लंबित लाभों का शीघ्र भुगतान करना व श्रमिकों को 200 दिन काम और 800 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देना, मजदूरों, किसानों और कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देना आदि शामिल हैं।
इस मौके पर भवन निर्माण कामगार यूनियन सीटू ब्लाॅक नेता रामनिवास कासनी, जयभगवान रावलधी, ग्रामीण चौकीदार सभा के जिला प्रधान बेद प्रकाश, राजेंद्र सिंह, ईश्वर, ओम नंबरदार, सर्व कर्मचारी नेता यशपाल सिंह सांगवान आदि मौजूद रहे।