बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते किसान नेता। स्रोत : विज्ञप्ति
- भाकियू प्रतिनिधिमंडल सदस्यों ने शनिवार आयोजित बैठक में किया मंथन, 24 को झोझूकलां आगमन पर नायब सिंह सैनी से मुलाकात करने पर लगी मुहर
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। रबी सीजन की फसलों को तीन बार हुई ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ, लेकिन, अब तक किसानों को सरकार की ओर से मुआवजा नहीं दिया गया है। इससे किसान परेशान है। भाकियू ने 24 जुलाई को झोझूकलां आगमन पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलने का निर्णय लिया है। सीएम को 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ज्ञापन भी सौंपेंगा।
एमएसपी किसान मोर्चा प्रदेश संयोजक जगबीर घसोला ने बताया कि शनिवार को भाकियू प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सोलंकी, प्रदेश महासचिव रणबीर फौजी, महताब सिंह, गोपीराम व ओम आदि ने मुआवजा न मिलने के विषय पर बैठक की। इसमें किसानों को रबी सीजन में हुई ओलावृष्टि का अब तक मुआवजा न मिलने पर रोष जताया।
किसान नेताओं ने बताया कि तीन बार हुई ओलावृष्टि से करीबन 60 गांव के किसानों की गेहूं, सरसों, जौ व चना आदि फसलों को नुकसान पहुंचा था। 6 महीने बीत जाने के बावजूद किसानों को मुआवजे का एक पैसा नहीं मिला है। विधायक और सांसद इस तरफ गौर नहीं कर रहे हैं।
रामकुमार सोलंकी ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया है कि ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का मुआवजा देने और चरखी दादरी जिले से भ्रष्ट अधिकारियों के तबादले की मांग को लेकर 24 जुलाई को झोझूकलां में मुख्यमंत्री से ग्यारह सदस्य प्रतिनिधिमंडल मिलेगा।